
दौसा. लालसोट. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तेरह दिन की सरकार गिरने के बाद स्थानीय नगर पालिका मंडल के पूर्व पार्षद रहे पं. मदनलाल हट्टिका ने वाजपेयी के दुबारा प्रधानमंत्री नहीं बनने तक नंगे पाव ही घूमने की अटल प्रतिज्ञा की थी। इसके चलते पूर्व हट्टिका करीब छह वर्षों तक नंगे पांव ही घूमते रहे।
हट्टिका ने बताया कि वाजपेयी की तेरह दिन की सरकार गिरने पर उन्हें भी अन्य कार्यकर्ताओं की तरह ठेस पहुंची, लेकिन उन्होंंने प्रतिज्ञा की कि जब तक वाजपेयी दोबारा पीएम की कुर्सी पर काबिज होकर पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं करने तक वे पैरों में चप्पल नहीं पहनेंगे। वाजपेयी सन् 1999 में तीसरी बार पीएम बने तो हट्टिका 5 फरवरी 2004 को पीएम कार्यालय में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जसकौर मीना के साथ वाजपेयी से मिले और इस मुलाकात के बाद ही पैरों में चप्पल पहनी।
दौसा के गोवर्धनलाल वाजपेयी के साथ सत्याग्रह में हुए थे शामिल
पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाने वाले दौसा निवासी 8 4 वर्षीय गोवर्धनलाल बड़ेरा को वाजपेयी के निधन के समाचार सुन बड़ा आघात लगा। उन्होंने बताया कि वे अटलजी के साथ सत्याग्रह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने चने खाए थे। चने उन्हें बड़े स्वादिष्ट लगे थे। उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय वाजपेयी दो बार दौसा आए थे। एक बार मेला मैदान में कार्यक्रम में शामिल हुए थे, वहीं दूसरी बार कटले में कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी। अब ज्यादा कुछ याद नहीं है, लेकिन वे सहज सरल व प्रतिभा के धनी थे। कार्यकर्ताओं की कद्र करते थे। उनकी क्षतिपूर्ति करना संभव नहीं है।
अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दौड़ी शोक की लहर-लोगों ने कहा देश का गया कोहिनूर
दौसा. देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर जिलेभर में गुरुवार को जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन का समाचार सुन कर न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में मायूसी छाई बल्कि अन्य दलों एवं जन सामान्य ने गहरा दुख हुआ। लोगों ने कहा कि अटलबिहारी वाजपेयी देश के बहुत बड़ा हीरा ही नहीं वह कोहिनूर था।
उनके अस्पताल में मौत व जिंदगी के बीच झूझने का समाचार सुन लोग दिनभर उनके सरल स्वभाव एवं व्यक्तित्व की चर्चा करते नजर आए। जिले में कईजगह उनके स्वस्थ्य होने की प्रार्थना सभाएं भी आयोजित हुई। लोगों ने मंदिरों में पूजा अर्चन कर एवं अन्र्तआत्मा आराधना कर उनके स्वस्थ्य होने की कामनाएं की।
इसी कड़ी में खादी समिति दौसा के मंत्री अनिल शर्मा ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए देश को बहुत बड़ा नुकसान होने की बात कही। इधर सार्वजिनिक कार्य एवं विकास समिति के महामंत्री शिव चरण भण्डाना ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया।