दौसा

नानी बाई का मायरा में उमड़ी भीड़

खीर की प्रसादी ग्रहण करने उमड़ा जनसैलाब  
2 min read
Feb 16, 2019
Nani Bai's Maurea rush crowd
नानी बाई का मायरा में उमड़ी भीड़

लालसोट. निर्झरना गांव स्थित श्रीरामजानकी धाम व काली डूंगरी हनुमान मंदिर पर जारी चार दिवसीय पाटोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को नानी बाई का मायरा कथा की शुरुआत हुई। कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के समक्ष जब बाल संत शंकरदास ने जब नानी बाई के मायरे की कथा का चित्रण किया तो हर कोई भावुक हो उठा। शंभू राणा एंड पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमोंं की प्रस्तुति दी गई। आयोजन समिति अध्यक्ष नवल झालानी ने बताया कि संत अवधेशदास के सानिध्य में जारी इस आयोजन के तहत 17 फरवरी तक नानी बाई का मायरा, शंभू राणा पार्टी द्वारा नृत्य नाटिका का आयोजन होगा। 17 फरवरी को ही कृृष्ण बलराम प्राण प्रतिष्ठा, अभिषेक शृंगार, मनोकामना दीप प्रज्ज्वलन एवं महाप्रसादी के साथ आयोजन का समापन होगा।(नि.प्र.)

महुवा. उपखण्ड क्षेत्र के पाटोली की गांव पहाड़ी स्थित भैरुजी महाराज के स्थान पर हर वर्ष की भांति खीर प्रसादी समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।
जानकारी के अनुसार हर वर्ष की भांति भैरुजी महाराज के स्थान पर आयोजित होने वाले खीर प्रसादी को लेकर रामायण पठन का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने सिर पर कलश रखकर पहाड़ी स्थित भैरुजी महाराज मंदिर कलश यात्रा निकाली। वही शुक्रवार को 50 मण दूध की खीर प्रसादी के दौरान पाटोली, करणपुर, आंतरहेड़ा सहित अन्य गांवों के सैकड़ों महिलाओं पुरुषों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान वहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने पंगत लगा कर प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर राधे पाटोली, विक्रम सिंह, महेन्द्र सिंह, बुद्धा पाटोली, जगदीश पटेल, गंगा सहाय, खेमराज सिंह, सुमेरसिंह सहित सैकडो महिलाओं व पुरूष मौजूद थे।

महुवा ग्रामीण. तहसील रोड स्थित श्रीकल्याणजी मंदिर पर चल रही भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ महोत्सव में शुक्रवार को श्रीगोवर्धन पर्वत की झांकी एवं नंद महोत्सव, बाल लीला, श्रीरास महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर शास्त्री पारसमणि ने कहा कि भगवान ने अनेक लीलाएं रच कर पापियों का संहार किया। इस दौरान महिला-पुरुष भजनों पर जमकर झूमे। रविवार को समापन अवसर पर भण्डारा आयोजित होगा।

गुढ़ाकटला. कुण्डल. भांवता भांवती के पहाड़ों पर नवनिर्मित ज्वाला जोबनेर माता मन्दिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं नौ कुण्डीय यज्ञ का समापन शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ हुआ। प्रधान आचार्य पण्डि़त परमानन्द शास्त्री ने जनकल्याण के लिए आहुतियां दिलाई। प्रधान यजमान कमलेश प्रजापत सहित सैकड़ों लोगों ने यज्ञवेदी में आहुतियां दी।
विधायक जी.आर.खटाना ने कहा कि धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता को बढ़ाता है उन्होने मन्दिर परिसर में एक सामुदायिक भवन निर्माण करवाने की घोषणा की। इस दौरान समिति सयोजक चौथमल विजय, रामजीलाल शर्मा, जगदीश शर्मा, रतिराम प्रजापत, कमलेश प्रजापत, ओमप्रकाश शर्मा, मुकेश प्रजापत, पूर्व सरपंच गिर्राजप्रसाद मीना, सरपंच बीरबल बलाई, एडवोकेट राधाकिशन मीना जगदीश विजय सहित कई लोगों ने विचार
व्यक्त किए।

Published on:
16 Feb 2019 10:59 am