दौसा

आमंत्रितों में से आधे भी नहीं पहुंचे टीका लगवाने, आज से 19 केन्द्रों पर होगा टीकाकरण

वैक्सीनेशन कराने के लिए कार्मिकों की समझाइश जारी
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2021, 10:33 AM IST
आमंत्रितों में से आधे भी नहीं पहुंचे टीका लगवाने, आज से 19 केन्द्रों पर होगा टीकाकरण
आमंत्रितों में से आधे भी नहीं पहुंचे टीका लगवाने, आज से 19 केन्द्रों पर होगा टीकाकरण

दौसा. जिले में सोमवार से 19 केन्द्रों पर कोविड टीकाकरण शुरू होगा। वहीं रविवार को बुलाए गए स्वास्थ्यकर्मियों में से आधे भी वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित स्थानों पर नहीं आए। ऐसे में लक्ष्य पूरा करने को लेकर चिकित्सा अधिकारियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें छाने लगी है। वैक्सीनेशन कराने के लिए कार्मिकों को समझाया जा रहा है, लेकिन कोई ना कोई बहाना लगाकर कई कार्मिक बचने का प्रयास कर रहे हैं।

सीएमएचओ डॉ. मनीष चौधरी ने बताया कि रविवार को कुल 740 चिकित्साकर्मियों को बुलाया गया, इनमें से 334 ने टीका लगवाया। दौसा अस्पताल में 100 में से 56, राजधानी अस्पताल में 67 में से 46, सीएचसी बांदीकुई 96 में से 41, बसवा 100 में से 46, मंडावरी 90 में से 21, कुण्डल 87 में से 36, मंडावर 100 में से 58 व महुवा में 100 में से मात्र 30 जनों ने ही टीकाकरण कराया।

वहीं सोमवार को बड़ागांव महुवा, बगड़ी, बालाहेड़ी, भांडारेज, बांदीकुई, बसवा, दौलतपुरा, जिला अस्पताल, गढ़, लवाण, लोटवाड़ा, महुवा, मानपुर, पापड़दा, राहुवास, रामगढ़ पचवारा, सैंथल, सिकंदरा व सोमनाथ शहरी स्वास्थ्य केन्द्र दौसा में कुल 1747 जनों को टीकाकरण के लिए बुलाया गया है।

वहीं श्रीकृष्ण अस्पताल के डॉ. उमेशदत्त शर्मा ने सभी कार्मिकों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। अस्पताल की डॉ. रितु शर्मा ने सबसे पहले टीका लगवाकर बताया कि निडर होकर सभी टीकाकरण कराएं। वहीं डॉ. उमेश ने टीका लगवाकर दो सर्जरी भी सम्पन्न की।

इसी तरह राजधानी हॉस्पिटल एण्ड मेटरनिटी होम में भी हेल्थवर्कर्स के टीका लगाया गया। राजधानी अस्पताल के डॉ. कृष्णअवतार शर्मा, डॉ. पूर्णिमा शर्मा मय स्टाफ, दौसा नर्सिंग होम के डॉ. अशोक शर्मा मय स्टाफ, दुर्गा नर्सिंग होम के डॉ. केएस बोहरा मय स्टाफ व खण्डेलवाल नर्सिंग होम के डॉ. एसएन खण्डेलवाल का वैक्सीनेशन किया गया। टीकाकरण के बाद किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई।

Published on: