दौसा

अब 13 दिन जनता के बीच ‘नेताजी’

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Nov 24, 2018
dausa election news
अब 13 दिन जनता के बीच 'नेताजी'

दौसा. विधानसभा चुनाव के तहत नामांकन का काम पूरा होने के बाद अब प्रचार-प्रसार ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि प्रचार शुरू तो टिकट मिलने के बाद ही हो गया था, लेकिन गुरुवार तक प्रत्याशियों का ध्यान बागियों को बैठाने व रूठों को मनाने पर भी था। अब शुक्रवार से प्रचार ने गति पकड़ ली है और 5 दिसम्बर शाम 5 बजे तक 13 दिन सिर्फ प्रचार-प्रसार होगा।


दौसा जिले में पांच विधानसभा सीटों पर 7 दिसम्बर को मतदान होगा। अधिकतर सीटों पर दो से सवा दो लाख तक वोटर हैं। जिले में 234 ग्राम पंचायत हैं। एक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 45 ग्राम पंचायत हैं। एक प्रत्याशी को प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों का क्षेत्र कवर करनी होगी। इसके अलावा सुबह-शाम कार्ययोजना बनाने व सामाजिक लोगों से मुलाकात करने की रणनीति बनाई गई है। जिले में दौसा, लालसोट, बांदीकुई व महुवा में शहरी क्षेत्र में भी मतदाताओं की खासी संख्या है। ऐसे में प्रत्याशी को शहर व गांव में अलग-अलग रणनीति से काम करना पड़ रहा है।


पहले ही तैयार दौरे का पर्चा


प्रत्याशियों का प्रतिदिन का टाइम-टेबल बनाया जा रहा है। किस तिथि को कौनसी जगह कितने बजे पहुंचेंगे, इसका पर्चा छपवाया जा रहा है। उस पर्चे को सोशल मीडिया पर डालने के साथ सम्बंधित इलाके में एक-दो दिन पहले ही बंटवा दिया जाता है। इससे स्थानीय लोगों को पता लग जाता है कि प्रत्याशी कब प्रचार करने आएंगे। प्रत्याशियों के रणनीतिकारों ने प्रतिदिन का कार्यक्रम तय कर लिया है। सुबह 8 से शाम 7 बजे तक जनता के बीच प्रचार कर रखा जा रहा है।


खुल गए प्रधान व शाखा कार्यालय


सभी प्रमुख प्रत्याशियों ने चुनाव कार्यालय खोल लिए हैं। विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय पर प्रधान कार्यालय खोला गया है तो अन्य कस्बों में भी छोटे-छोटे शाखा कार्यालय खोले हैं। इन कार्यालयों पर अधिकतर प्रत्याशी तो नहीं मिलते हैं, लेकिन इलाके के कार्यकर्ता बैठे नजर आते हैं। यहां चाय-पानी का इंतजाम हमेशा रहता है। चुनावी चर्चा परवान पर रहती है।


हर तरफ चुनावी गपशप


चुनावी सरगर्मी तेज होते ही आम मतदाता भी अब सिर्फ चुनाव गपशप ही करते नजर आते हैं। भाजपा व कांग्रेस को अन्य दलों से होने वाले नुकसान तथा जातीण गणित से हर कोई अपना-अपना आकलन करता दिखता है। खासकर सुबह-शाम चौराहों, पान व चाय की दुकानों पर लोगोंं को जमघट लगने लगा है। दिन में बाजारों में भी चुनावी चर्चा ही हर किसी की जुबां पर है।

Published on:
24 Nov 2018 08:32 am