दौसा

हृदय विदारक घटना: हरिद्वार में कर रहा था पत्नी का अंतिम संस्कार, तभी आई राजस्थान में परिवार के 3 और लोगों की मौत की खबर

Delhi-Mumbai Expressway road accident : कहते है कि होनी को कोई नहीं टाल सकता है? राजस्थान में रविवार तड़के कुछ ऐसी ही हृदय विदारक घटना सामने आई है।

2 min read
May 12, 2024

Delhi-Mumbai Expressway road accident : कहते है कि होनी को कोई नहीं टाल सकता है? राजस्थान में रविवार तड़के कुछ ऐसी ही हृदय विदारक घटना सामने आई है। जब अपनी मां की अंतेष्टि के लिए जा रहे बेटे के साथ-साथ उसकी पत्नी और चाचा की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हरिद्वार में बैठा पिता भी यह सुनकर बेसुध हो गया। एक ओर उसकी आंखों के सामने पत्नी का शव तो दूसरी और अपने ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से उसके हाथ पांव फूल गए। यह हृदय विदारक घटना दौसा जिले में सामने आई है।

दरअसल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह नील गाय को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे से कार सवार आठ लोग बुरी तरह घबरा गए और कार से बाहर निकल आए। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने तीन लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। जिससे पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में 5 लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे बांदीकुई थाना क्षेत्र के ऊंनबड़ा गांव के पास हुआ। कार सवार लोग अहमदाबाद से हरिद्वार जा रहे थे। तभी आभानेरी के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के वक्त कार में एक ही परिवार के आठ लोग सवार थे। अचानक सामने नील गाय आ जाने से ड्राइवर आपा खो बैठा और कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार रुकने के बाद कार सवार जैसे-तैसे बाहर ही निकल रहे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया।

इन लोगों की गई जान

हादसे में हंसमुख (32) पुत्र कांतिलाल, सीमा (30) पत्नी हंसमुख और चाचा मोहनलाल (55) की ट्रक से कुचलने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। तीनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर हाईवे पर बिखर गए। वहीं, कार सवार अन्य पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए दौसा जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हरिद्वार जा रहे थे कार सवार

जानकारी के मुताबिक गुजरात के अहमदाबाद निवासी कांतिलाल करीब 8 दिन पहले अपनी पत्नी सविता देवी के साथ हरिद्वार घूमने के लिए गए थे। लेकिन, शनिवार को अचानक पत्नी सविता देवी की मौत हो गई। ऐसे में परिवार के ​लोग अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए गुजरात से हरिद्वार जा रहे थे। लेकिन, वहां पहुंचने से पहले ही मौत आ गई। अब पिता अकेला ही अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार करने के बाद यहां आएगा। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सुपुर्द किए जाएंगे।

Published on:
12 May 2024 09:49 am
Also Read
View All

अगली खबर