
नेशनल हाईवे-21 पर सड़क हादसा। फोटो: पत्रिका
Dausa News: दौसा के नेशनल हाईवे-21 पर रविवार को मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र के खेड़ा पहाड़पुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहांं तीन ट्रेलरों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की शुरुआत एक ट्रेलर का टायर फटने से हुई, जिसके बाद पीछे से आ रहा दूसरा ट्रेलर उससे जा टकराया।
इस दुर्घटना को देख एक युवक घायलों की मदद करने के लिए मौके पर पहुंचा तभी पीछे से आए एक और बेकाबू ट्रेलर ने वहां खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में आने से उस मददगार युवक की जान चली गई। वहीं, हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास रहने वाले लोग और पुलिस बल तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रेलरों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि उनके केबिन पूरी तरह पिचक गए थे। जिनमें फंसे घायलों को काफी मशक्कत और भारी प्रयासों के बाद बाहर निकाला जा सका।
बचाव के दौरान एक युवक जो निस्वार्थ भाव से पीड़ितों की मदद करने पहुंचा था। वह भी इस हादसे का शिकार हो गया और उसकी जान चली गई। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
इस भीषण सड़क दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-21 पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिसके चलते भरतपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक वाहनों की आवाजाही पर विराम लगा रहा। हादसे का शिकार हुए ट्रेलरों के सड़क के बीचों-बीच आड़े-तिरछे फंस जाने के कारण हाईवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। हालात इतने खराब हो गए कि एम्बुलेंस को भी निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस प्रशासन को क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने में घंटों का समय लगा। तब जाकर वाहन चालकों को जाम से काफी राहत मिली। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Updated on:
05 Apr 2026 01:39 pm
Published on:
05 Apr 2026 01:37 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
