
पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से झगड़ा करते बदमाश। फोटो: पत्रिका
Petrol Pump Loot Case: जयपुर में कार से आए कुछ बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पीपे में पेट्रोल भरने की जिद की और मना करने पर कर्मचारियों को सरिया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। बदमाश कर्मचारियों से 43 हजार रुपए भी लूट ले गए। भागते समय उन्होंने धमकी दी कि उनकी पहुंच बहुत ऊपर तक है और पुलिस उनका कुछ नहीं कर पाएगी।
यह हमला शनिवार शाम को हुआ, जब बदमाश सांवरिया फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। हमले में घायल कर्मचारी राम सिंह (25) की हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के पास अब इस वारदात का CCTV फुटेज है, जिसमें आरोपी लाठी-सरियों से मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
नारायण विहार थाने में दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित कर्मचारी सोहन लाल जो मांग्यावास मानसरोवर का निवासी है। जिसने शिकायत में पूरी घटना का विवरण दिया है। सोहन लाल ने बताया कि 4 अप्रैल की शाम वह वंदे मातरम मार्ग के 'सांवरिया फिलिंग स्टेशन' पर अपनी ड्यूटी कर रहा था। उसी वक्त एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार होकर आए थे।
कार से बाहर निकले दो युवकों ने वहां मौजूद स्टाफ से पीपे में पेट्रोल भरने की मांग की। जब पंप के मैनेजर संतोष ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए पीपे में तेल भरने को लेकर उनसे सवाल किया और मना किया, तो दोनों बदमाश अचानक उग्र हो गए। आरोपियों ने बात सुनने के बजाय मैनेजर संतोष के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते वे मारपीट पर उतारू हो गए। बदमाशों का व्यवहार इतना आक्रामक था कि उन्होंने पंप के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट में पीड़ित सोहन लाल ने हमले की रूह कंपा देने वाली दास्तां सुनाई है। सोहन ने बताया कि जब विवाद बढ़ा और बदमाश मारपीट करने लगे, तो बीच-बचाव करने के लिए कर्मचारी माहिर आगे आया। लेकिन बेखौफ बदमाशों ने बिना सोचे-समझे माहिर के सिर पर लाठी और सरियों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना जोरदार था कि माहिर वहीं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। बदमाशों को लगा कि माहिर की मौत हो चुकी है, इसलिए वे उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर आगे बढ़े। फिलहाल, माहिर की हालत इतनी नाजुक बनी हुई है और वह एक निजी अस्पताल के ICU में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।
जब शिकायतकर्ता सोहन लाल ने अपने साथी को बचाने और आरोपियों को रोकने का साहस दिखाया तो बदमाशों ने उस पर भी रहम नहीं किया। सोहन पर पीछे से सरिए से घातक हमला किया गया। जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई और अस्पताल में उसे टांके लगवाने पड़े। इतना ही नहीं मारपीट के दौरान बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को भी अंजाम दिया। आरोप है कि उन्होंने सोहन की जेब में रखे 43,000 रुपए जबरन निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। हमलावरों की इस दरिंदगी ने पंप पर काम करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी दहशत में डाल दिया है।
पीड़ित के अनुसार भागते समय आरोपी धमकी देकर गए कि उनकी पहुंच बहुत ऊपर तक है और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इसके बाद 100 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी है। सीसीटीएनएस पर एफआईआर नंबर अलग से दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Published on:
05 Apr 2026 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
