6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ashok Sharma: राजस्थान के ‘लाल’ ने IPL 2026 में बनाया रिकॉर्ड, 154.2 kmph की रफ्तार से फेंकी इस सीजन की सबसे तेज गेंद

Ashok Sharma Of Gujarat Titans: राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपनी रफ्तार से नया रिकॉर्ड बना दिया है। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर इस सीजन की सबसे तेज गेंद डाल दी।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Akshita Deora

Apr 06, 2026

Ashok Sharma In IPL 2026

लाल क्लब स्टेडियम में वर्ष 2021 में विजेेता ट्रॉफी के साथ अशोक शर्मा (लाल ड्रेस में) फोटो: पत्रिका

Fastest Ball Of IPL 2026: लालसोट शहर के लिए यह गर्व का क्षण है कि यहां से जुड़ाव रखने वाले युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपनी रफ्तार से नया मुकाम हासिल कर लिया है। बीती रात गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर इस सीजन की सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

जयपुर निवासी अशोक शर्मा का लालसोट से खास रिश्ता रहा है। यहां आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में वे कई बार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट फॉर राजस्थान के निदेशक सुशील जैन के अनुसार, अशोक ने लालसोट के लाल क्लब स्टेडियम में अपनी घातक गेंदबाजी से न केवल दर्शकों को रोमांचित किया, बल्कि अपनी टीम को खिताब भी दिलाया था। यही कारण है कि स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच उनकी एक अलग पहचान पहले से ही बनी हुई थी।

जैसे ही आईपीएल में उनकी रिकॉर्ड गेंदबाजी की खबर लालसोट पहुंची, शहर के खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर उनके पुराने मैचों की तस्वीरें, खासकर ट्रॉफी के साथ खिंचवाई गई फोटो, तेजी से वायरल होने लगीं। स्थानीय खिलाड़ी अतुल चौहान ने बताया कि वर्ष 2021 में फ्रेंड्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अशोक ने बागड़ा डायमंड टीम की ओर से खेलते हुए शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। उस समय भी उनकी गति और सटीकता ने सभी को प्रभावित किया था।

दिलचस्प बात यह है कि अशोक शर्मा अपने भाई अक्षय के साथ लालसोट खेलने आए थे और तभी से यहां के क्रिकेट प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हो गए। आज वही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी तेज गेंदों से बल्लेबाजों को चुनौती दे रहा है।

आईपीएल के इस सीजन में अशोक का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने पहले मैच में प्रभावशाली गेंदबाजी के दम पर उन्होंने टीम में जगह पक्की की और राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में मौका मिलते ही अपनी रफ्तार का जलवा दिखा दिया। 16वें ओवर में उन्होंने पहले 150.7 किमी प्रति घंटे की तेज गेंद फेंकी और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।

अशोक की इस उपलब्धि ने न केवल उनके करियर को नई ऊंचाई दी है, बल्कि लालसोट जैसे कस्बे के लिए भी गर्व का अवसर बना दिया है। करीब पांच साल पहले जिस खिलाड़ी ने यहां अपनी गेंदबाजी से दर्शकों को दीवाना बनाया था, आज वही नाम देश ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट में तेजी से उभरता नजर आ रहा है।