
दौसा . गुजरात के पटेल पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता एवं पटेल नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा कि राजस्थान में गुर्जरों का आरक्षण छीनने की बात दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि सरकार गुर्जर आरक्षण को नवीं अनुसूची में डाल देती तो निश्चित ही उनको आरक्षण मिल जाता। सरकार ने उनके साथ धोखा किया है।
आरक्षण के विधेयक तो विधायकों ने ही पारित किया है उसको सही तरीके से 9 वीं अनुसूची में डालना चाहिए। यदि यहां के गुर्जर आरक्षण के लिए आंदोलन करते हंै, तो वे(गुजरात के पटेल) भी उनके साथ ही लड़ाई लडेंग़े।
उन्होंने बताया कि गुजरात व राजस्थान में दोनों ही जगह भाजपा की सरकार है, वह गुर्जर व पटेलों को मूर्ख बना रही है। वे आरक्षण मांग रहे हैं तो उनको उनका हक मिलना चाहिए। ताकि उनके समाज का भी विकास हो। वे संवैधाधिक रूप से आरक्षण मांग रहे हैं।
पटेल शनिवार रात को उदयपुर से हरिद्वार जाते वक्त दौसा में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश प्रवक्ता एवं पटेल नवनिर्माण सेना के प्रदेशाध्यक्ष हिम्मत सिंह पाड़ली के निवास पर ठहरे। पाड़ली ने बताया कि पटेल ने रविवार सुबह पीपलखेड़ा-पाटोली में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वे भी उनके साथ ही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ भी हो गुर्जर समाज चुप नहीं बैठेगा।
महुवा . गुजरात के पटेल पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता एवं पटेल नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल हिण्डौन जाते समय पीपलखेड़ा स्थित शहीद स्थल पर रुके और आरक्षण आन्दोलन के शहीदों को श्रद्धांजली दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज के आरक्षण पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। वे पूरी तरह से उन जातियों के साथ है जिन्हें आरक्षण मिला हुआ हैं। आरक्षण लेना उनका अधिकार हैं ।