दौसा

जलभराव की समस्या का हो स्थाई समाधान

थोड़ी देर चर्चा होने के बाद नगरपरिषद की साधारण सभा स्थगित
2 min read
Jul 03, 2018
dausa nagar parishad
जलभराव की समस्या का हो स्थाई समाधान

दौसा. नगरपरिषद की साधारण सभा की बैठक सभापति मुरलीमनोहर शर्मा की अध्यक्षता में सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान बरसात के दिनों में कॉलोनियों में जलभराव से होने वाली परेशानी एवं पानी निकासी का मुद्दा छाया रहा। विधायक शंकरलाल शर्मा ने शहर में पानी निकास की समस्या का स्थाई समाधान करने को कहा। इसके लिए उन्होंने दो करोड़ रुपए स्वीकृत कराने की बात कही। कई विकास कार्यों के प्रस्ताव भी लिए गए।

थोड़ी ही देर में पार्षद बाबूलाल जैमन ने नगरपालिका दौसा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मणस्वरुप शर्मा के निधन से सदन को अवगत कराया। इस पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि देने के बाद बैठक स्थगित कर दी गई। ऐसे में तय आठ बिन्दुओं में से केवल एक पर ही चर्चा हो सकी। इससे पूर्व उपसभापति वीरेन्द्र शर्मा, पार्षद आचार्य आशीष शर्मा, इन्द्र मीना आदि ने शहर के सभी 40 वार्डों में विकास एवं सफाई की बात कही। पार्षद आरती गुप्ता ने पेयजल समस्या से अवगत कराया।


इस मौके पर आयुक्त दिलीप शर्मा, कार्यालय सहायक सुनील शर्मा, नरेश मीना आदि मौजूद थे। इधर, पूर्व सभापति राजकुमार जायसवाल ने बताया कि उन्होंने बैठक शुरू होने के दौरान ही पूर्व अध्यक्ष के निधन के बारे में अवगत कराया था, लेकिन बैठक बाद में स्थगित की गई।

मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम 5 को


लालसोट. कांग्रेस के मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम को सफल बनाने के सम्बन्ध में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई की बैठक हुई। इसमें मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव कमल मीना ने कहा कि कार्यक्रम 5 जुलाई को संस्कृत महाविद्यालय में होगा। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत, अविनाश पाण्डे, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, राष्ट्रीय सचिव देवेन्द्र यादव, सांसद रघु शर्मा एवं पूर्व मंत्री परसादीलाल मीना मौजूद रहेंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालने का निर्णय किया। सभी कार्यकर्ता डिडवाना बाइस मील पर अतिथियों की अगुवानी करेंगे।

बैठक में प्रधान रामकली मीना, पार्षद रक्षा मिश्रा, राकेशबिहारी शर्मा, राकेश जोशी, जितेन्द्र सैनी, अंशुल सोनी, अंकित स्वामी, अभिषेक जोशी, सोनू बिनोरी, पं.स. सदस्य मालू सिंह, सुदीप मिश्रा, महेश सोनी, सीताराम लाखा, बन्टू मालनिया, रोहित पंसारी, अंकुर जैन, रईस खान, अमित बड़ाया, अमित कापडिया, रवि मालनिया आदि मौजूद थे। (नि.सं.)

Published on:
03 Jul 2018 09:00 am