दौसा

आश्वासन के बाद नगर पालिका के खिलाफ धरना प्रदर्शन स्थगित

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Oct 02, 2018
lalsot vikas morcha
आश्वासन के बाद नगर पालिका के खिलाफ धरना प्रदर्शन स्थगित

लालसोट. स्थानीय नगर पालिका कार्यालय में दलालोंं की मिलीभगत से पट्टा आवदेकों से हजारों रुपए ऐंठने पर सोमवार से नगर पालिका कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को लालसोट विकास मोर्चा पदाधिकारियों ने ईओ द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद स्थगित कर दिया।

पालिका कार्यालय में ईओ सुरेन्द्रकुमार मीना को लालसोट विकास मोर्चा अध्यक्ष शिवशंकर जोशी समेत अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि दलालों की मिलीभगत से माफी मंदिर की जमीनों पर भी पट्टे जारी किए जाने की तैयारी हो रही है । उन्होंने ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका कार्यालय में एक साथ सैकड़ों फाइलों को दलालों की मिल भगत से प्रस्तुत करते हुए नियमों को ताक में रखकर पट्टे जारी करने की तैयारी की जा रही है।

दलालों के माध्यम से पहुंचने वाली फाइलों पर मास्टर प्लान की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है।इस पर ईओ ने भरोसा दिया कि पट्टों की पत्रवालियों के निस्तारण के लिए पांच कर्मचारियों को नियुक्त कर दिया है। नियमानुसार लंबे समय से लंबित सभी पट्टा फाइलों का शीघ्र ही निस्तारण कर दिया जाएगा। मंदिर माफी जमीनों पर पट्टा दिए जाने की शिकायतों की भी जांच की जाएगी।

इसके बाद मोर्चा अध्यक्ष शिवशंकर जोशी ने नगर पालिका कार्यालय पर धरना प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा कर दी। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रतनलाल सैनी, पार्षद दीपक चौधरी, विकास गौतम समेत कई जने मौजूद थे।(नि.प्र.)


कनिष्ठ अभियंता को सुनाई खरी-खोटी


बसवा. कस्बे में ग्राम विकास समिति के सदस्यों ने पेयजल समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सदस्यों ने कहा कि विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण कस्बे में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। संयोजक बाबूलाल सैनी ने कहा कि सरकार ने कस्बे में पानी सप्लाई के लिए ईटोडा ढाणी पर पांच बोरिंगो की खुदाई कराई थी, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण एक ही बोरिंग चालू है।

घटिया उपकरण लगाने से बोरिंग बंद है। इस कारण कस्बे में सात या आठ दिन में एक बार पानी मिल रहा है। लोगों ने कनिष्ठ अभियंता अशोक मीणा को खरी-खोटी सुनाकर कार्यालय में जमकर नारे भी लगाए। कनिष्ठ अभियंता ने चार दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया।लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम पानी की समस्या समाधान के लिए ज्ञापन भेजा।


इस मौके पर मंत्री शकुंतला सोडिया, जयसिंह राजपूत, बाबूलाल शर्मा, बाबू बिजलीवाला, भृतहरि सोनी, दीनदयाल गुप्ता, हरीश बोहरा, नरेन्द्र तिवाड़ी, पिंकू बालावत, हजारी परेवा आदि थे।

Published on:
02 Oct 2018 08:28 am