
बांदीकुई. ग्राम पंचायत निहालपुरा के अलियापाड़ा गांव के समीप सड़क किनारे स्थित झाडिय़ों को हटाने गए सार्वजनिक निर्माण विभाग कर्मचारी के साथ गुरुवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। इससे पीडब्ल्यूडी कर्मचारी के हाथ में गंभीर चोट आने से लहुलुहान हो गया।
सूचना पर अन्य कार्मिकों ने मौके पर पहुंच घायल कर्मचारी को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस सम्बम्ध में पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता जे. पी मीणा ने थाने में शिकायत दी।
जानकारी के अनुसार लम्बे समय से सम्पर्क पोर्टल पर निहालपुरा में सड़क किनारे बबूल के पेड़ व झाडिय़ां उगी होने व सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं दिए जाने की शिकायत दर्ज थी। इस पर कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता जे.पी मीणा, मेट विशम्भरदयाल मय जेसीबी के मौके पर पहुंचे। जैसे ही झाडिय़ों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, तो कुछ महिला-पुरुष हाथों में लाठी-डण्डे लेकर आए और मेट के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
इस दौरान आरोपितों ने पथराव भी किया। मामला बढऩे पर आरोपित मौके से भाग निकले। इस दौरान लोगों की काफी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। सहायक अभियंता ने बताया कि झाडिय़ों से वाहन दिखाई नहीं देने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में आमजन की सुविधा को देखते हुए झाडिय़ां हटवाने की कार्रवाई की गई, लेकिन कुछ लोगों ने राजकार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। (ए.सं.)