दौसा

पीडब्ल्यूडी की लापरवाही, नालों को बना दिया नाली

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Feb 23, 2019
dausa gaurav path
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही, नालों को बना दिया नाली

दौसा. शहर के गुप्तेश्वर रोड स्थित गौरवपथ के दोनों ओर सार्वजनिक निर्माण विभाग ने नाले का निर्माण तो करा दिया है, लेकिन नाला कहीं पर चौड़ा बना दिया तो कहीं पर उसको नाली का ही रूप दे दिया है। यहां तक कि कई जगह अभी तक नाला निर्माण का काम शुरू भी नहीं हो पाया है। नाला निर्माण में विभाग ने भारी अनियमितताएं बरती हैं। गुप्तेश्वर रोड निवासी विभाग पर नाला निर्माण में भारी अनियमिता का आरोप लगा रहे हैं।


अब से ही बह रहा है सड़क पर पानी

पीडब्ल्यूडी लाखों रुपए खर्च कर गौरवपथ पर नाले का निर्माण तो करा रही है, लेकिन अभी से ही मकानों से निकलने वाला पानी कई जगह पर तो सड़कों पर ही बह रहा है। इससे सार्वजनिक निर्माण विभाग की लापरवाही सरासर उजागर हो रही है। गुप्तेश्वर रोड निवासी मदनलाल ने बताया कि विभाग ने जिस समय मकानों एवं दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाया उसी समय कहीं पर एक फीट कम जगह ले ली और कहीं एक फीट अधिक जगह लेकर भेदभाव किया। यही कारण है कि अब नाला टेडामेड़ा दिखाई दे रहा है।


दो वर्ष पहले मिले थे वर्क ऑर्डर, अभी तक पूरा निर्माण नही

सार्वजनिक निर्माण विभाग को गौरवपथ निर्माण के वर्क ऑर्डर दो वर्ष पहले मिले थे। अभी तक न तो डिवाडरों का काम पूरा हुआ है और न ही बिजली शिफ्टिंग एवं नाला निर्माण का। संवेदक की ढिलाई के कारण अभी तक तो कई जगह नाला निर्माण के लिए मिट्टी खुदाई का काम ही नहीं हो पाया है।


नहीं रखी जान की परवाह

गुप्तेश्वर रोड पर चौराहे से गुप्तेश्वर मंदिर की तरफ चलने पर दांई साइड में विभाग ने मकानों एवं दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाया था। उस वक्त संवेदक ने नाला निर्माण की खुदाई के लिए इतनी लापरवाही बरती थी कि तीन मकान तो स्वत: ही धराशायी हो गए थे।

Published on:
23 Feb 2019 08:57 am