दौसा

राजीव गांधी 37 साल पहले पहुंचे थे दौसा, राजेश पायलट के समर्थन में रात को 12 बजे की थी चुनावी सभा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तहत अब गांधी परिवार से जुड़ी दौसा की दशकों पुरानी यादें ताजा होने लगी हैं।

2 min read
Dec 09, 2022

महेश कुमार जैन/मनीष शर्मा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तहत अब गांधी परिवार से जुड़ी दौसा की दशकों पुरानी यादें ताजा होने लगी हैं। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वर्ष 1971 में लोकसभा चुनाव में दौसा आई थी। इस दौरान उन्होंने पं. नवलकिशोर शर्मा के समर्थन में पीजी कॉलेज में चुनावी सभा को संबोधित किया था।

इसके बाद उनके पुत्र तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी वर्ष 1985 में राजेश पायलट के समर्थन में दौसा के पीजी कॉलेज व बांदीकुई के कौलाना बीड में सभा को संबोधित किया था। खास बात यह थी कि राजीव गांधी रात को 12 बजे दौसा पहुंचे थे और सभा की थी। बाद में दोनों ही लोकसभा चुनाव में विजेता भी रहे थे। खास बात यह है कि राजेश पायलट का दौसा से सांसद के रूप में पहली बार जुड़ाव हुआ और फिर पायलट परिवार ने सात पर दौसा से चुनाव जीता।

उल्लेखनीय है कि दौसा जिले में 14 दिसंबर को व बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में 18 दिसम्बर को यात्रा का आना प्रस्तावित है। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने वर्ष 1985 में कौलाना बीड में सभा को संबोधित किया। उनको देखने एवं सुनने के लिए लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा था। यही वह दौर था जब दौसा संसदीय क्षेत्र से पहली बार सांसद बने राजेश पायलट ने अपनी कार्यशैली की बदौलत दौसा में पहली बार सांसद बनकर अपनी राजनीतिक पहचान बना ली थी। भारत जोडो़ यात्रा 18 दिसम्बर को पीचूपाडा टोल प्लाजा से बांदीकुई विधानसभा में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम के बाद 19 दिसम्बर को सुबह यात्रा शुरू होकर अलवर में प्रवेश करेगी

यादों के झरोखों से...

आधी रात को 12 बजे ली थी चुनावी सभा
1. पांच दशक पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व चार दशक पूर्व वर्ष 1985 में प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दौसा में चुनावी सभा ली। राजीव गांधी तो रात को 12 बजे दौसा पहुंचे थे और आधी रात को ही सभा हुई थी। चुनावों में दोनों नवलकिशोर शर्मा व राजेश पायलट ने जीत हासिल की थी।
विनोद बिहारी शर्मा, पूर्व आरपीएससी सदस्य, दौसा

उमड़ पड़ा सैलाब
रायबरेली एवं महाराष्ट्र के आकोला जैसे क्षेत्र में यूथ कार्डिनेटर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. अम्बिकेश्वर शर्मा ने बताया कि राजीव गांधी को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमडा था। वह भी सभा में गए थे। इन्दिरा गांधी के निधन के बाद रिक्तता को भरने के लिए पार्टी एवं लोगों ने अपार समर्थन देकर पीएम बनाया।


गांधी व पायलट थे लोकप्रिय नेता
-कांग्रेस नेता एवं बांदीकुई नगरपालिका पार्षद रामेश्वरप्रसाद गुर्जर ठेकेदार ने बताया कि राजीव गांधी व राजेश पायलट लोकप्रिय नेता थे। उनकी कार्यप्रणाली अद्भुत थी। कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के साथ ही आमजन की समस्याओं पर पूरा ध्यान देते थे।

Published on:
09 Dec 2022 12:58 pm
Also Read
View All