भारत जोड़ो यात्रा का 100वां दिन
दौसा. पीजी कॉलेज के सामने से भारत जोड़ो यात्रा के गुजरने के दौरान राहुल गांधी ने एक परिवार की तीन पीढिय़ों के साथ एक साथ मुलाकात की। स्वागत के लिए पिंकी सरदार, उनके पुत्र प्रीतिपाल व रमनपाल सिंह तथा पौत्र जसअनहदपाल सिंह को खड़े देखकर सचिन पायलट ने तीनों को सुरक्षा घेरे के अंदर बुला लिया। साथ ही राहुल से परिचय कराते हुए बताया कि यह परिवार उनके पिता राजेश पायलट के समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। बच्चे जसअनहदपाल को राहुल ने गोद में उठा लिए। इस दौरान बच्चे को जूते खुलकर नीचे गिर गए तो राहुल ने ही उठाकर बच्चे को पहना दिए। साथ ही चॉकलेट देकर दुलार किया।
सभापति से भी मिले
नेहरू गार्डन में राहुल गांधी से नगर परिषद सभापति ममता चौधरी व सविता मीना ने भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बातचीत में चौधरी ने सीवर लाइन की मांग की। इस पर सीएम ने मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए और कहा कि आगामी बजट में इसे शामिल किया जाएगा। इस दौरान आयुक्त विश्वामित्र मीना व राकेश चौधरी आदि थे। वहीं राहुल ने यात्रा के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की।
सचिन पायलट के पक्ष में लगे नारे
पायलट परिवार के गढ़ में जब राहुल गांधी की यात्रा पहुंची तो नांगल से लेकर गिरिराज मंदिर तक दर्जनों जगह युवा सचिन पायलट के पक्ष में नारे लगाते नजर आए। कई जगह पायलट के पक्ष में गीत भी सुनाए दिए तो होर्डिंग-बैनर भी लगे दिखे। यात्रा समापन के बाद गिरिराज मंदिर के सामने युवाओं ने सचिन पायलट को घेरकर भी खूब नारे लगाए। आखिर में पायलट युवाओं का अभिवादन करते हुए रवाना हो गए। गौरतलब है कि स्थानीय विधायक मुरारीलाल मीना पायलट समर्थक हैं। अन्य कई पायलट समर्थक विधायकों ने भी दौसा में टीम के साथ आकर शक्ति प्रदर्शन किया।
भीड़ में आम से लेकर खास तक सब बराबर
राहुल गांधी की यात्रा को देखने के लिए आमजन से लेकर विधायकों सहित देश-प्रदेश के कांग्रेस के नेता भी आए, लेकिन राहुल की सुरक्षा में तैनात जवानों व अधिकारियों ने किसी को भी निर्धारित दूरी से आगे बिना अनुमति नहीं बढऩे दिया। कई जगह नेताओं व अधिकारियों की बहस होती भी दिखी, लेकिन किसी की नहीं सुनी गई। मंत्री से लेकर विधायक तक भीड़ में फंसते दिखे। हालांकि यात्रा में कई जगह आमजन जरूर सेंध लगाते हुए मिलने में कामयाब हो गए।