दौसा

राजस्थान में खूनी संघर्ष: गांव में चलीं गोलियां, 1 की मौत 13 लोग घायल; भारी पुलिस बल तैनात

Rajasthan Crime: राजस्थान के एक गांव में पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
rajasthan crime
हादसे में घायल लोग. Photo- Patrika

Rajasthan Crime: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के बाद अब दौसा जिले के एक गांव में खूनी संघर्ष की खबर सामने आई है। दौसा जिले के मण्डावर थाना क्षेत्र के चौड़ाकी पाखर गांव में ट्रांसफार्मर से कथित अवैध जंपर डालने व खेत की मेड़ को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद में एक पक्ष के सेवानिवृत्त फौजी पर फायरिंग करने और दूसरे पक्ष के लोगों पर ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप है। संघर्ष में गंभीर घायल पप्पू गुर्जर (45) की दौसा जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दोनों पक्षों के 13 लोग घायल हुए, जिनमें पांच को गंभीर हालत में रेफर किया गया। विवाद को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।

Dausa Murder News: मेड़ को लेकर कहासुनी बढ़ी, दोनों पक्ष हो गए आमने-सामने

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में कई दिनों से जंपर को लेकर विवाद चल रहा था। सुबह करीब सात बजे खेत की मेड़ को लेकर कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मण्डावर और महुवा के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया ।

पुलिस के अनुसार, चौड़ाकी पाखर निवासी पप्पू पुत्र पूरण गुर्जर को गंभीर हालत में दौसा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। दान सिंह, विजय सिंह, चतर सिंह और भोजराज सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं ।

घायलों में राजेंद्र पुत्र समय सिंह, समुद्र सिंह पुत्र समय सिंह, कुलदीप पुत्र राजाराम गुर्जर, रामस्वरूप पुत्र जगन गुर्जर, केशव माधव पुत्र राजेंद्र, उगन्ती पत्नी राजेंद्र गुर्जर, वेदप्रकाश पुत्र रामनिवास गुर्जर और अलका पुत्री राजाराम सहित दोनों पक्षों के कुल 13 लोग शामिल हैं।

मौत गोली लगने से हुई या किसी अन्य कारण से?

मौत गोली लगने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है।

  • अनूप सिंह सीओ, महुवा
Updated on:
14 Oct 2026 12:29 pm
Published on:
14 Oct 2026 11:22 am