दौसा

दौसा सीट पर उपचुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारी में जुटी भाजपा, जीत के लिए बनाया ये ‘तगड़ा’ प्लान

विधानसभा क्षेत्र दौसा में उपचुनाव को लेकर भाजपा जोर-शोर से तैयारी में जुटी हुई है। पार्टी हर हाल में इस सीट को जीतना चाहती है।

2 min read
Sep 07, 2024

दौसा। विधानसभा क्षेत्र दौसा में उपचुनाव को लेकर भाजपा जोर-शोर से तैयारी में जुटी हुई है। बूथ लेवल तक एक-एक मतदाता तक सीधी पहुंच बनाने की रणनीति बनाई गई है। इसे लेकर शुक्रवार को शहर के रावत पैलेस में विधानसभा क्षेत्र दौसा का बूथ अध्यक्ष समेलन आयोजित हुआ।

इसमें मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार व प्रदेश में भी पार्टी की सरकार बनी है। दोनों जगह भाजपा की जीत में सभी बूथ अध्यक्ष व बूथ स्तर के कार्यकर्ता नींव के पत्थर हैं।

उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा का सुशासन स्थापित हुआ है। सभी बूथ अध्यक्ष अपने बूथ पर शत्-प्रतिशत मतदान कराएं। सरकार की योजनाओं का बखान घर-घर जाकर करें। बूथ अध्यक्ष अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र में बैठक करें और मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क कर भाजपा संगठन पर्व भाजपा सदस्यता अभियान के तहत सदस्य बनने के लिए प्रेरित करें। संगठन से जुड़े कद्दावर नेताओं व संगठन के बड़े पदाधिकारियों को एक-एक बूथ की निगरानी का जिमा भी सौंपा गया है।

जिलाध्यक्ष डॉ. प्रभुदयाल शर्मा ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव व सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। उपचुनाव को लेकर दौसा में संगठनात्मक संरचना से प्रवासी, विस्तारकों, संयोजक, बूथ अध्यक्षों को तैनात किया है, जो क्षेत्र में पहुंचकर उपचुनाव व सदस्यता अभियान की रणनीति से जुड़ी गतिविधियों पर काम करेंगे।

विधानसभा क्षेत्र संयोजक महेंद्र तिवारी ने बताया कि भाजपा के समर्थन में बूथ मजबूत करने के लिए प्रत्येक मंडल स्तर पर समेलन आयोजित होंगे। बूथ अध्यक्षों, बूथ स्तरीय बीएलओ और बूथ पालकों के साथ बैठक होगी।

बूथ समिति के साथ समन्वय भी बनाने का कार्य होगा। बूथ समेलन के माध्यम से बूथ की प्रत्येक गतिविधि को सक्रिय करना होगा। बूथों पर मतदाता सूचियों के वितरण, मतदान के समय मतदाताओं के घरों तक पर्चियों का वितरण की विस्तारक निगरानी करेंगे।

समेलन में पूर्व विधायक शंकर शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरसिंह कसाना, सत्यनारायण शाहरा, टीकम सिंह गुर्जर, घनश्याम शर्मा, प्रवासी कार्यकर्ता विकास शर्मा, सदस्यता अभियान के संयोजक राजेंद्र शर्मा, आलोक जैन, उर्मिला जोशी, घमंडी मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, राजेश मीणा, रामप्रसाद गुर्जर, अशोक शर्मा, सुनील पाटनी, जयप्रकाश जैमन, महावीर डोई, हनुमान गुप्ता, राजकुमार तिवारी, सतीश माठा, श्याम बडोली, तपन महावर, विनोद सांवरिया, जसवंत बेनीवाल, भूपेंद्र राजावत सहित अनेक पदाधिकारी व बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Also Read
View All

अगली खबर