
महुवा. यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नौ अक्टूबर धौलपुर से बीकानेर तक होने वाले रोड शो को लेकर एसपी चूनाराम जाट व एसपीजी टीम ने महुवा पहुंचकर राहुल गांधी के ठहरने की व्यवस्था, हेलीपेड बनाने सहित अन्य व्यवस्थाओं की अधिकारियों से चर्चा कर जानकारी ली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जीआर खटाना ने बताया कि नौ अक्टूबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में रोड शो किया जाएगा। जिसकी धौलपुर के मनिया से होगी।
राहुल गांधी मनिया से रोड शो करते हुए धौलपुर बसेड़ी, बयाना, रूपवास, वैर होते हुए देर शाम महुवा पहुंचेंगे। जहां उनकी ठहरने की व्यवस्था होटल में की गई है। रोड शो को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने महुवा में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ली है। साथ ही एसपी ने एसपीजी टीम व स्थानीय अधिकारियों के साथ राजकीय टीकाराम पालीवाल विद्यालय के खेल मैदान में हेलीपेड बनाने की तैयारियों को लेकर व्यवस्था देखी।
गांधी दस अक्टूबर को सुबह हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उपखंड अधिकारी योगेशकुमार डागुर, पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्रसिंह शेखावत, थाना प्रभारी अमितकुमार पुलिस उपनिरीक्षक महावीरसिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
यहां नहीं हो सका लोकार्पण व शिलान्यास
बांदीकुई. चुनावी आचार संहिता लगने के कारण क्षेत्र में कई जगहों पर शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों की तैयारियां धरी रह गई। हालांकि कुछ विकास कार्यों को छोड़कर अधिकांश के गत तीन दिन में शिलान्यास व लोकार्पण कर दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक श्यालावास पम्प हाउस के समीप निर्मित फायर स्टेशन व बसवा में करीब 50 लाख की लागत से बनाए गए उपकोष कार्यालय का लोकार्पण किया जाना था।
इसके अलावा करीरिया व हरिपुरा में सड़क का शिलान्यास किया जाना था, लेकिन आचार संहिता में शिलान्यास व लोकार्पण अटक गया है। इसके अलावा कोलवा ग्राम व बडियाल कलां में पशु चिकित्सालय एवं पीचूपाड़ा कलां में पशु उपकेन्द्र भी बनकर तैयार हो गया। इनका भी शिलान्यास किए जाने की तैयारी थी, लेकिन अब चुनावी अधिसूचना जारी होने से तैयारियां धरी रह गई हैं।
इसके अलावा गत तीन दिवस में भांवती से चौबड़ीवाला, ऐंचेड़ी से दिलावरपुरा तक सड़क शिलान्यास, पंचायत समिति में विश्रामगृह का उदघाटन, अनंतवाड़ा स्कूल में कक्षों का उदघाटन, बिनजारी माता से रूपबास तक सड़क शिलान्यास, आभानेरी सड़क से खैरपुर तक शिलान्यास, सोमाड़ा चौराहे से बड़वाली तक, प्रतापपुरा से श्यामसिंहपुरा, कीरतपुरा से बंजारा ढाणी, गुढ़लिया फाटक से गादरवाड़ा ब्राह्मणान, बडियाल खुर्द से नारायणपुरा, नारायणपुरा से कौलाना तक सड़कों का शिलान्यास किया जा चुका है।
खास बात यह है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अधिसूचना जारी होने से पहले ही शिलान्यास व उदघाटन कर दिए, लेकिन कुछ जगह समय अभाव के चलते नहीं हो पाए। जहां शिलान्यास व उद्घाटन किए जाने की तैयारी की जा रही थी।