दौसा

पिता के साथ पानी की टंकी पर चढ़ी बलात्कार पीड़िता, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

बलात्कार पीड़िता ने पिता के साथ पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध-प्रदर्शन किया तथा न्याय की मांग की। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया।
2 min read
Jan 05, 2024
Rape victim climbs water tank with father in dausa

दौसा। जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बलात्कार पीड़िता ने पिता के साथ पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध-प्रदर्शन किया तथा न्याय की मांग की। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। करीब छह घंटे तक चले समझाइश के दौर के बाद पिता-पुत्री टंकी से नीचे उतरे।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि शिकायत के एक माह बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। इसको लेकर नाराजगी करते हुए पीड़ित पक्ष ने पानी की टंकी पर चढ़कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। वहीं टंकी के नीचे जमा ग्रामीणों ने भी प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। प्रशासन ने ऐहतियातन सिविल डिफेंस टीम को बुलाकर नीचे सुरक्षा जाल बिछा दिया।

मौके पर एडिशनल एसपी शंकरलाल मीना, एडीएम राजकुमार, एसडीएम नीरज मीना सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। करीब छह घंटे बाद पीड़ित पक्ष नीचे उतरा और प्रशासन को ग्रामीणों की मौजूदगी में ज्ञापन देकर सात दिवस में आरोपी की गिरफ्तारी व पीड़ित पक्ष को सरकारी राहत की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया।

भाई ने ट्रेन के आगे आकर की थी आत्महत्या
पीड़ित पक्ष ने 1 दिसम्बर को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी नितेश सैनी ने बलात्कार कर फोटो-वीडियो वायरल करने और पीडि़ता के भाई को मारने की धमकी दी। पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि बेटे ने घटना को लेकर सदमे में आकर 31 नवम्बर को ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया था। उसके पास से पुलिस ने सुसाइड नोट भी जब्त किया था। पीड़ित पक्ष ने आरोप गाया कि गंभीर मामला होने पर भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर पीड़ित पक्ष ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताकर न्याय की मांग की।

इनका कहना है...
समझाइश के बाद पीड़ित पक्ष को पानी की टंकी से नीचे उतारा गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई है, जो जगह-जगह दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
ईश्वर सिंह, सीओ बांदीकुई

Published on:
05 Jan 2024 09:57 pm