29 केन्द्रों पर 9738 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, तैयारियों को दिया अंतिम रूप
दौसा. जिला मुख्यालय पर बुधवार सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आरएएस-प्री परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
जिला मुख्यालय पर 29 केन्द्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में 9738 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पारदर्शिता को देखते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों ने मंगलवार को परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया है और बैठक आयोजित कर परीक्षा से सभी पहलुओं पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इधर पुलिस प्रशासन ने भी परीक्षा केन्द्रों पर जिन पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, उनकी सूची तैयार कर ली है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा एवं पटवारी भर्ती परीक्षा में दौसा से नकल गिरोह एवं डमी परीक्षार्थियों के परीक्षा में बैठाने के मामले सामने आने के बाद अब आरएएस-प्री परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारियों का जाल बिछाया गया है।
जिला कलक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक
परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला कलक्टर आरके मीना ने बताया कि जिला कलक्टर पीयुष समारिया ने रोडवेज, पुलिस सहित परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली है। पुलिस अधीक्षक को परीक्षा में जुड़े सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए तो रोडवेज अधिकारियों को भी परीक्षार्थियों के आवागमन व परीक्षा समाप्त होने के बाद अलग से बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। रोडवेज आगर प्रबंधक विंतेश मीना ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षार्थियों के लिए बस डिपो, गांधी तिराहे, लालसोट रोड आदि पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करा दी जाएगी।
निर्धारित ड्रेस कोड में आना होगा
परीक्षा समन्वयक आरके मीना ने बताया कि आरएएस प्री परीक्षा में पिछली रीट एवं पटवारी भर्ती परीक्षा की तरह डे्रस कोड लागू रहेगा। पुरुष परीक्षार्थी को आधी आस्तीन की शर्ट, पैंट, टी-शर्ट, चप्पल ही पहन कर आना होगा। यदि कोई परीक्षार्थी पूरी आस्तीन की शर्ट, जूते आदि पहन कर परीक्षा केन्द्र के अन्दर आता है तो उसको प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसी प्रकार महिला परीक्षार्थियों को आधी आस्तीन का कुर्ता या ब्लाउज, चप्पल ही पहननी होगी। जूते, मौजे, जेवर व बालों में पिन आदि लगाने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिलाएं बालों में साधारण रबर लगा सकती हैं। सभी परीक्षार्थियों को मास्क लगा कर आना होगा।