
गीजगढ़. दौसा जिले के ग्राम पंचायत बहरावण्डा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में शनिवार को दुकानदारों ने प्रतिष्ठान बंद रखकर धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सिकन्दरा थानाधिकारी कुशाल सिंह के आश्वासन पर करीब पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। दुकानों के बन्द रहने से बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। आमजन को खरीदारी के लिए परेशान होना पड़ा। मेडिकल दुकानें भी बंद रही।
जानकारी के अनुसार गंाव गत 15 जुलाई की रात मुख्य बाजार में विद्यालय के समीप भगवान शर्मा की परचूनी की दुकान से चोर लाखों का माल ले गए थे। घटना के पांच दिन गुजर जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों व व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। शनिवार सुबह नौ बजे अटल सेवा केन्द्र के सामने सैकड़ों लोग दुकानों को बंद कर जमा हो गए।
मौके पर ही सिकन्दरा थानाधिकारी को बुलाने पर अड़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आए दिन कभी दुकानों से चोरी तो कभी वाहन व पशु चोरी की घटनाएं हो रही है। शराब की दुकानों पर देर रात तक शराब बिकती है। रातभर अपराधियों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधियों पर अंकुश नहीं है।
धरने के करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे थानाधिकारी कुशाल सिंह ने ग्रामीणों की बात सुनकर 10 दिन में चोरी के मामले का खुलासा करने, लांका पुलिस चौकी से प्रतिदिन दो जवानों को रात्रि गश्त के लिए बहरावण्डा में लगाने, चोरी की जांच दूसरे पुलिस अधिकारी को देने और प्रत्येक व्यापारी को 50 रुपए माह देकर दो चौकीदार गश्त पर रात्रि गश्त पर लगाने का सुझाव दिया।
इस पर व्यापारियों व ग्रामीणों ने सहमति जता धरना समाप्त किया। इस दौरान लटूरमल सैनी, रूपनारायण गुप्ता, मोहनलाल, बाबूलाल सैनी, सरपंच मुकेश नायक, लांका चौकी प्रभारी वेद प्रकाश, गीजगढ़ चौकी एसआई सुभाष सहित कई लोग मौजूद थे।
पांच मकानों के ताले तोड़े, जेवरात पार
दुब्बी. कालाखो गांव में शुक्रवार रात पांच मकानों के ताले तोड़कर चोर हजारों रुपए के जेवरात ले गए। जानकारी के अनुसार गांव के कमलेश जोशी, हनुमान योगी, बिल्लू शर्मा, गिर्राज मीना डीलर व महिपाल बावरिया के मकान के ताले तोड़कर घरों में घुस चोरी का प्रयास किया, लेकिन चार मकानों में से कुछ हाथ नहीं लगा। महिपाल बावरिया के मकान से करीब 3 किलो चांदी के जेवरात ले गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली।