दोनों तरफ थे जिम्मेदार लोग, फिर भी अव्यवस्थाएं
दौसा. जिला अस्पताल के कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर पर सारे नियम-कायदे टूटते नजर आए। ना सामाजिक दूरी की पालना हुई और ना ही वैक्सीन लगवाने का तीन कक्षीय व्यवस्था कारगर हुई। खासी मारामारी के बीच शिक्षकों के दूसरी डोज लग सकी। खास बात यह है कि वैक्सीन लगवाने वाले व और लगाने वाले दोनों की तरफ सरकार के जिम्मेदार कार्मिक थे, इसके बावजूद अव्यवस्थाओं का आलम रहा। टीकाकरण के निर्धारित मापदण्ड धरे रह गए।
जिले में प्रारम्भिक शिक्षा के अधीन कार्यरत शिक्षकों व अन्य स्टाफ को दूसरी डोज लगवाने के लिए बुलाया गया। इसके चलते जिला अस्पताल के केन्द्र पर भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शिक्षक पहुंच गए। वैक्क्सीनेशन केन्द्र पर लाभार्थियों की अनुमानित संख्या के अनुसार व्यवस्थाएं नहीं की गई थी। रजिस्टे्रशन के लिए कतारें लगी रही। वहीं टीकाकरण के पहले कक्ष में प्रवेश के लिए गेट पर और फिर बाद में सॉफ्टवेयर पर रजिस्टे्रशन के लिए मशक्कत होती दिखी। हर किसी को पहले अपनी बारी की जल्दी लगी रही। सोशल डिस्टेंस तो दूर सामान्य दूरी भी नजर नहीं आई। ना किसी को सेनेटाइज किया गया और ना ही बैठने के पर्याप्त इंतजाम थे।
ऐसे में कई शिक्षक तो जमीन पर ही बैठ गए।
मौके पर ना तो चिकित्सा विभाग के अधिकारी नजर आए ना ही शिक्षा विभाग के। दोनों विभागों के कर्मचारी ही आपस में जूझ रहे थे। टीका लगवाने वालों की खासी भीड़ होने के बावजूद चिकित्सा विभाग ने मात्र एक ही वैक्सीनेशन टेबल लगा रखी थी। ऐसे में काफी इंतजार के बाद नंबर आया।
तीसरे कक्ष में जहां टीका लगवाने के बाद आधा घंटा बैठना होता है, वहां पर बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां तक नहीं थी। ऐसे में कई तो टीका लगवाते ही सीधे घर चले गए, वहीं कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कुछ देर खड़े रहकर इंतजाम किया तथा अव्यवस्थाओं के लिए चिकित्सा विभाग को कोसते नजर आए।
64 केन्द्रों पर 7 हजार 564 के लगाए टीके
दौसा जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य अब जोर पकडऩे लगा है। 64 जगह वैक्सीनेशन किया गया। इस दौरान कुल 7 हजार 564 लोगों के वैक्सीन लगाई गई। 4 हजार 555 लोगों के वैक्सीन की प्रथम डोज व 3 हजार 9 के दूसरी डोज लगाई गई।
जिले में अब तक कुल 50 हजार 49 लोगों के वैक्सीन लग चुकी है। इनमें से 10 हजार 200 लोग दूसरी डोज भी लगवा चुके हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को 135 लोगों के प्रथम व 341 ने दूसरी डोज लगवाई है। वहीं समग्र शिक्षा के एपीसी रंगलाल मीना ने बताया कि 3 हजार 82 में से 2 हजार 352 प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के कार्मिकों ने दूसरी डोज लगवाई है। शेष कार्मिक अब शुक्रवार को टीका लगवाएंगे।
वाहवाही बटोरने में थे व्यस्त
खास बात यह है कि जिस समय दूसरी डोज लगवाने के लिए मारामारी चल रही थी, उसी वक्त अस्पताल के मुख्य परिसर में चिकित्सा विभाग व प्रशासन के अधिकारी नए केन्द्र का उद्घाटन कर माला पहनने व पहनाने में व्यस्त थे। दूसरी डोज लगवाने के दौरान हो रही अव्यवस्थाओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। वैक्सीनेशन सेंटर पर कोई चिकित्सक तक नजर नहीं आया, कर्मचारी ही जूझते रहे।