
दौसा। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (अब पीकेसी-ईआरसीपी) कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के 'चुनावी राजनीति' के केंद्र में रही है। एक तरफ लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दो दिवसीय धन्यवाद (आभार) यात्रा के जरिये ईआरसीपी के मुद्दे को भुनाने में जुटी हुई है तो दूसरी तरफ राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने जा रही है। इसी बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने ईआरसीपी पर सवाल उठाते हुए भाजपा की धन्यवाद यात्रा पर तंज कसा है। पायलट ने कहा कि जिस एमओयू का दावा किया जा रहा उसे जनता के सामने तो लाओ। प्रदेश की भाजपा सरकार ने एमओयू को लेकर विधानसभा में बहस तक करा दी। लेकिन, आज तक यह नहीं दिखाया कि MoU में क्या है?
राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए धौलपुर जाते वक्त कांग्रेस नेता व टोंक से विधायक सचिन पायलट कुछ देर के लिए दौसा में रुके। जहां कलेक्ट्रेट चौराहे पर विधायक मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट का स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए सचिन पायलट ने कहा कि पहले हमें वो एमओयू तो दिखा दो, जो साइन किया हुआ है।
पायलट ने पूछा कि ईआरसीपी से कितना पानी हमारे प्रदेश को मिलेगा। जितना पानी हम चाहते थे, जिसका हमसे वादा किया गया था क्या उतना पानी हमें सिंचाई, इंडस्ट्री और पीने के लिए मिलेगा या नहीं? उन्होंने कहा कि अभी तक सिर्फ भाषण हो रहे हैं, धन्यवाद दिया जा रहा है। लेकिन, सबसे बड़ी बात ये है कि सदन में उस एमओयू पर चर्चा हो रही है, जिसे सदन में रखा ही नहीं गया है। हमें अब तक नहीं पता कि क्या बंटवारा किया गया है?
उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ इतना ही चाहता हूं कि राजस्थान के हितों के साथ कोई समझौता ना किया जाएं और जितना हम लोगों को उम्मीद थी, उतना पानी हमें उपलब्ध किया जाएं। अब लोकसभा चुनाव आ रहे हैं तो धन्यवाद और स्वागत यात्रा निकल रही है। ये यात्रा केवल चुनावी दिखावे से ज्यादा नहीं है। ये सब जनता बताएगी, इसका मुझे पूरा विश्वास है।
पायलट ने कहा कि इंडिया गठबंधन की लोकप्रियता से केंद्र सरकार घबराई हुई है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का परफार्मेंश पहले से बहुत अच्छा रहेगा। राहुल गांधी की यात्रा पर पायलट ने कहा कि यात्रा के धौलपुर आगमन से कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा, जोश और उत्साह का संचार होगा। इस न्याय की लड़ाई में हर प्रदेशवासी राहुल गांधी का साथ देने को आतुर है।