दौसा

ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ सैलून संचालक

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Aug 03, 2018
online fraud
ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ सैलून संचालक

बांदीकुई. थानान्तर्गत एक सैलून संचालक से ओटीपी नम्बर पूछ ऑनलाइन शुक्रवार को खाते से 25 हजार रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। इस सम्बंध में पीडि़त ने थाने पहुंच घटना की आपबीती सुनाई। जागीर बांदीकुई निवासी मुकेश कुमार सैन ने बताया कि सुबह करीब 1 बजे दीपक कुमार नाम के व्यक्ति का मोबाइल पर फोन आया कि जयपुर एसबीआई बैंक से बोल रहा है।

उसने कागजात के अभाव में बैंक खाता एवं एटीएम बंद होना बताया। तो बैंक की ओर से उसके मोबाइल पर एक मैसेज भेजने की जानकारी देते हुए ओटीपी नम्बर मांगे। तो उसने ओटीपी नम्बर बता दिए। कुछ ही देर बाद उसके खाते से 25 हजार रुपए की राशि पार हो गई।

इसमें पहली बार में 9999 रुपए एवं तीन बार 4999 की राशि खाते से कम हो गई। इसका मैसेज आने पर सैलून संचालक ने बैंक जाकर जानकारी की तो किसी ने भी बैंक से फोन नहीं करना बताया और खाता-एटीएम भी चालू होना बताया। इसके बाद पीडि़त ने पुलिस थाने पहुंच शिकायत दी।

थाना प्रभारी कर्णसिंह राठौड़ का कहना है कि ऐसा कोई मामला जानकारी में नहीं है, लेकिन ग्राहकों को जागरुक होना होगा। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारी बनकर कोई भी फोन नहीं करता है। कुछ लोग ऑनलाइन ठगी के लिए ओटीपी एवं एटीएम पासवर्ड पूछकर ठगी करते हैं। ऐसे में यदि कोई फोन आए तो ग्राहक को स्वयं बैंक जाकर जानकारी करनी चाहिए। पासवर्ड एवं ओटीपी नम्बर कभी भी नहीं बताने चाहिए। क्योंकि इस प्रकार की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी है।

वाहन जब्त कर की कार्रवाई


लवाण. कस्बे में जयपुर बस स्टैण्ड पर किसी बात को लेकर थाना प्रभारी सीमा शर्मा से उलझना उस समय भारी पड़ गया, जब उन्होंने बिना परमिट के चल रही चार बसों को जब्त कर अन्य अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की।


इसके अलावा थाना प्रभारी से उलझने पर दो जनों को थाने में बंद कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध वाहन व बजरी के वाहनों को किसी भी सूरत में नही बख्शा जाएगा। साथ ही मुख्य बाजार में व्यापारियों द्वारा दुकानों के आगे अतिक्रमण व बाइक बीच रास्ते में अव्यस्थित पाई गई तो जब्त कर ली जाएगी। कस्बे में देर रात तक कोई घूमता व शराब पीकर पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Published on:
03 Aug 2018 09:34 pm