दौसा

भाजपा से शंकर व राजेन्द्र प्रत्याशी, कांग्रेस से बोहरा, हुड़ला निर्दलीय ठोकेंगे ताल

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Nov 19, 2018
Feature image

दौसा. आखिर रविवार रात करीब नौ बजे दौसा जिले से भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई। भाजपा ने दौसा से शंकर शर्मा व महुवा से राजेन्द्र मीना को प्रत्याशी घोषित किया। इसके तुरंत बाद ही कांग्रेस ने महुवा में नए चेहरे अजय बोहरा को प्रत्याशी घोषित कर दिया।


महुवा के राजेन्द्र मीना राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना के भतीजे हैं। इस टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ था। केन्द्रीय नेतृत्व ने ही अंतिम निर्णय किया तथा आखिर किरोड़ीलाल मीना वर्तमान विधायक ओमप्रकाश हुड़ला का टिकट कटवाकर अपने भतीजे को दिलवाने में कामयाब रहे। तीनों का टिकट घोषित होते ही समर्थकों ने आतिशबाजी कर मिठाई बांटी।


गौरतलब है कि जिले की महुवा विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में हॉट सीट बन गई। वहीं दौसा सीट के टिकट ने भी लम्बा इंतजार कराया। इससे पूर्व कांग्रेस ने रविवार दोपहर महुवा सीट को छोड़कर पूरी तस्वीर साफ कर दी। भाजपा के निर्णय का कांग्रेस ने इंतजार किया। वहीं संसदीय सचिव व महुवा विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने भाजपा से इस्तीफा देकर 19 नवम्बर को नामांकन दाखिल करने का ऐलान कर दिया।

इससे भाजपा खेमे में खलबली मच गई। साथ ही कांग्रेस में टिकट के दावेदार भी चिंतित हो गए। हुड़ला ने स्पष्ट नहीं किया कि वे कांग्रेस में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे या निर्दलीय। दिनभर दोनों ही दलों के प्रत्याशी घोषित करने का इंतजार कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी रहा। अफवाहों का दौर गर्म रहा।


महुवा सीट को लेकर कई दिनों से चल रहा राजनीतिक ड्रामा रविवार को चरम पर रहा। संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुड़ला ने सुबह ही ट्वीट कर बम फोड़ दिया। उन्होंने ट्वीट किया कि किरोड़ीलाल मीना द्वारा टिकट वितरण में हस्तक्षेप किए जाने पर भाजपा से दुखी होकर दोपहर 12 बजे इस्तीफा देंगे। इस ट्वीट से खलबली मच गई। दोपहर में वे नंगे पैर पार्टी कार्यालय पहुंच गए तथा इस्तीफा दे दिया।

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में किरोड़ीलाल पर कई आरोप लगाए तथा महुवा से ही चुनाव लडऩे का ऐलान किया। इसी बीच कांग्रेस ने तीसरी सूची जारी कर प्रदेश की पूरी तस्वीर साफ कर दी, लेकिन एकमात्र महुवा सीट को छोड़ दिया। कांग्रेस के इस कदम से राजनीति फिर गर्म हो गई तथा हुड़ला के कांग्रेस में जाने की चर्चा तेजी से होने लगी। हालांकि यह चर्चा अफवाह मात्र साबित हुई।


ओमप्रकाश हुड़ला ने कहा कि भाजपा उन्हें राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाना चाहती है, लेकिन वे महुवा नहीं छोडेंग़े। यहां के कार्यकर्ताओं को छोड़कर कहीं नहीं जा सकता।


इधर, भाजपा की अंतिम सूची में ही दौसा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया। दिनभर हर किसी की नजर टिकट पर रही। विधायक शंकरलाल शर्मा को हालांकि टिकट के लिए हरी झण्डी शनिवार देर रात ही मिल गई थी।

Updated on:
19 Nov 2018 08:28 am
Published on:
19 Nov 2018 08:26 am