अभियान से आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को त्योहार पर शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकेंगे।
दौसा। जिले में मिलावट की सूचना सही निकली तो सूचना देने वाले को 51000 रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। दौसा जिले में 26 अक्टूबर से 14 नवम्बर तक शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया जाएगा।
जिला कलक्टर पीयुष समारिया ने कलक्ट्रेट के अटल सेवा केन्द्र में वीसी के दौरान कहा कि त्योहारों का सीजन आ रहा है। ऐसे में मिलावट और नापतौल में गड़बड़ी की आशंका को देखते यह व्यवस्था की जा रही है। अभियान के लिए जिला स्तरीय प्रबंधन समिति एवं जांच दल का गठन कर दिया गया है।
कार्रवाई में सभी विभाग एक दूसरे से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगे। कार्रवाई सभी स्तरों जिला, उपखंड, तहसील आदि पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान से आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को त्योहार पर शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकेंगे।
ये होंगे समिति में
जिला कलक्टर अध्यक्ष होंगे, जबकि अतिरिक्त जिला कलक्टर समिति संयोजक होंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सदस्य (समन्वयक) और जिला पुलिस अधीक्षक, जिला रसद अधिकारी, प्रबंध निदेशक जिला डेयरी और उप विधि परामर्शी को समिति में बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
इसी प्रकार जांच दल में संबंधित उपखंड अधिकारी टीम लीडर होंगे। इसके अलावा संबंधित पुलिस अधीक्षक, संबंधित उपखंड ब्लॉक के विकास अधिकारी तहसीलदार, संबंधित प्रवर्तन अधिकारी निरीक्षक, डेयरी प्रतिनिधि सदस्य होंगे।
इन पर रहेगा फोकस
अभियान के दौरान दूध, मावा, पनीर व अन्य दूध उत्पाद, आटा, बेसन, खाद्य तेल, घी, सूखे मेवे, मसाले, बाट एवं माप आदि की जांच की जाएगी, ताकि मिलावट और नापतौल में गड़बड़ी को रोका जा सके।