मंडावरी थाना पुलिस की कार्रवाई
दौसा. लालसोट शहर की कैमला ढाणी निवासी एक जने को अगवा कर 13 लाख की फिरौती मांगे जाने के मामले मेें मंडावरी थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी भरतलाल मीना ने बताया कि अपह्रत व्यक्ति की पत्नी ने 27 जुलाई को मामला दर्ज कराया था कि उसके पति को कुछ जनों द्वारा अगवा कर 13 लाख की फिरौती मांगी जा रही है।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह चौहान के निर्देश पर लालसोट सीओ सतीश यादव के सुपरविजन में टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने अपहृत मोहनलाल माली को सवाई माधोपुर के रवांजना थाना क्षेत्र के जुआड़ गांव मेंं एक फार्म हाउस से दस्तयाब कर लिया और आरोपी राजेन्द्र यादव निवासी बाढ सुंदरपुर, सुरेश मीना निवासी खोड़ा की ढाणी सूरतपुरा, मेघराम मीना, हंसराज कुम्हार, आशाराम प्रजापत निवासी बिलौणा कलां एवं उम्मेदकरण यादव निवासी जुआड़ को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण में उपयोग किए दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।(नि.प्र)
देशी कट्टा व जिंदा कारतूस सहित दो जने गिरफ्तार
मण्डावर. थाना पुलिस ने दो अवैध देशी कट्टों सहित दो जनों को गिरफ्तार कर दो जिंदा कारतूस सहित एक कार भी जब्त की है। थानाधिकारी लालसिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज एवं पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महुवा पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल मीणा के सुपरविजन में बुधवार को पुलिस टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की गई।
जहां एक हरियाणा नंबर की एक कार को चालक तेज गति से चलाकर ला रहा था। जिसे रुकवाकर चालक शहीद अहमद व उसके पास की सीट पर बैठे साजिद पुत्र नूरदीन निवासी फिरोजपुर हरियाणा की तलाशी ली तो दोनों के पास से एक- एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद कर कार को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दुर्घटना में तीन जने घायल
सिकंदरा. यहां सिकंदरा गांव स्थित बांदीकुई रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन जने घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में पीचूपाड़ा कला निवासी रामेश्वर, गुड्डी व सुशीला घायल हुए हैं। जिनको राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में भर्ती कराया गया।
बैंक के बाहर खड़ी बाइक चोरी .... सिकंदरा.कस्बे में पीएनबी के बाहर खड़ी बाइक अज्ञात जने चुरा ले गए। पुलिस ने बताया कि बावनपाड़ा निवासी अमर सिंह मीणा बैंक के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। इस संबंध में अमर सिंह ने सिकंदरा थाने में बाइक चोरी का मामला दर्ज कराया है।