दौसा जिला स्पेशल पुलिस टीम ने बुधवार को नेशनल हाइवे 21 पर भांडारेज इंटरचेंज के समीप चाय के नाम पर ट्रक में विदेश सिगरेट के कट्टों से भरा ट्रक पकड़ा।
दौसा जिला स्पेशल पुलिस टीम ने बुधवार को नेशनल हाइवे 21 पर भांडारेज इंटरचेंज के समीप चाय के नाम पर ट्रक में विदेश सिगरेट के कट्टों से भरा ट्रक पकड़ा। मौके पर जीएसटी विभाग की टीम को बुलाकर ट्रक को सुपुर्द कर दिया। अब जीएसटी विभाग जांच करेगा कि सिगरेट प्रतिबंधित वस्तु है या टैक्स बचाने के लिए चोरी-छिपे ले जाया जा रहा है।
इस जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई होगी। सूत्रों के अनुसार इस सिगरेट के एक पैकेट की कीमत करीब 300 रुपए है तथा कुल माल करीब 45 लाख का है।
जानकारी के अनुसार डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आसाम के गुवाहाटी से झुंझूनूं जा रहे ट्रक में अवैध रूप से मादक पदार्थ भरे हैं। इस पर डीएसटी टीम जिला सीमा से ही ट्रक के पीछे लग गई। भांडारेज इंटरचेंज पर डीएसटी ने ट्रक को रुकवा लिया।
चालक व परिचालक ने ट्रक में चाय होने की बात कही तथा बिल्टी भी दिखाई। फिर भी डीएसटी टीम हैड कांस्टेबल लोकेश शर्मा के नेतृत्व में जांच करने के लिए ट्रक में चढ़ गई। ट्रक में चारों तरफ चाय के पैकेट थे, लेकिन बीच में 30 कट्टों में विदेश सिगरेट भरी थी। सिगरेट की बिल्टी नहीं होने पर डीएसटी ने जीएसटी विभाग को सूचना दी। सहायक आयुक्त समरथलाल मीना के नेतृत्व में टीम पहुंची तथा के ट्रक को जब्त कर विभाग कार्यालय ले गए।
सहायक आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर प्रतिबंधित सिगरेट है तो ट्रक पुलिस को सुपुर्द कर देंगे, अन्यथा टैक्स के संबंध में जांच कर जुर्माना सहित अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। डीएसटी टीम में कांस्टेबल विजय शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, प्रहलाद सिंह, रघुवर सिंह, कालूराम, पन्ना, बालकेश, धर्मराज आदि थे।