दौसा

तिल के तेल से भरा टैंकर पलटा, सड़क बनी तेल की तलैया

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jan 11, 2019
tanker on road
तिल के तेल से भरा टैंकर पलटा, सड़क बनी तेल की तलैया

दौसा. शहर के कलक्ट्रेट चौराहे पर बुधवार रात को अलवर से गुजरात के काण्डला की ओर तेजगति में जा रहा तिल के खाद्य तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें करीब 25 हजार लीटर तेल सड़क पर बह गया। हाइवे पर तेल नदी के रूप में बह रहा था। सड़क चिकनी होने से कई दोपहिया वाहन चालक फिसल गए। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने पहुंचकर टैंकर को सीधा कराकर थाने में खड़ा कराया।

लोग बर्तन लेकर आ गए और तेल भर कर ले जाने लग गए

इधर, खाद्य तेल का टैंकर पलट कर सड़क पर बहने की सूचना पर आस-पास के लोग बर्तन लेकर आ गए और तेल भर कर ले जाने लग गए। हालांकि पुलिस ने लोगों को तेल ले जाने से रोका। कोतवाली थाना प्रभारी नरेश कुमार मीना ने बताया कि दिल्ली निवासी प्रदीप कुमार अलवर से गुजरात के काण्डला की ओर एक टैंकर 32 हजार लीटर तिल का खाद्य तेल लेकर जा रहा था। टैंकर कलक्ट्रेट चौराहे पर अनियंत्रित होकर पलट गया।


इसमें से करीब 25 हजार लीटर तेल सड़क पर बह गया। सड़क पर तेल ऐसे बह रहा था जैसे पानी की नदी बह रही है। इधर तेल का टैंकर पलटने की सूचना पर आस-पास के लोग बर्तन लेकर आ गए। टंैकर को सीधा करा कर सदर थाने में खड़ा करा दिया।


धुलाई करा कर बिछाई मिट्टी


तिल के तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद सड़क चिकनी हो गई। इससे वाहन टायर फिसलने के कारण पुलिस ने शहर में से यातायात डायवर्ट कराया। बाद में सड़क को पानी के टैंकर मंगवा कर धुलाई कराई गई। इसके बाद मिट्टी मंगवाकर बिछाई और यातायात सुचारू कराया गया।


चालक के उड़े होश


तिल के तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद चालक प्रदीप को हालांकि कोई चोट नहीं आई, लेकिन सड़क पर करीब-करीब पूरा तेल बहने से चालक के होश उड़ गए।

Published on:
11 Jan 2019 08:46 am