राजपुरा गांव में दस बीघा में गेहूं की फसल जल कर खाक
दौसा. पहले मौसम की मार के बाद अब किसानों की फसल पर आग का सितम लगातार जारी है। बुधवार को राजपुरा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते दस बीघा के खेत में गेहू पकी हुई फसल जलकर खाक हो गई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरकेश मटलाना ने बताया कि राजपुरा गांव में रामरतन मीना राजपुरा के खेत में खड़ी गेहू की फसल मेें आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग दस बीघा के खेत में फैल गई। आग पर ग्रामीणों ने भी काबू पाने का भरसक प्रयास किया लेकिन हवा के चलते आग पर काबू नही पाया जा सका। लालसोट पालिका की दमकल भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हल्का पटवारी दिनेश शर्मा व गिरदावर राजेश शर्मा ने नुकसान का जायजा लिया। दूसरी ओर तलावागांव में एक थड़ी में आग लगने से हजारों रुपए का सामान जल कर राख हो गया। इरफान पुत्र कमरुद्दीन खान की थड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे थड़ी रखा हजारों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। बिदरखा गांव में लल्लूराम व घासीलाल महावर की फसल भी आग में जल कर राख हो गई। खानपुर गांव में भी आग लगने की घटना में फसल जलकर राख हो गई।
दौसा. रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के सिसोदिया गांव में मंगलवार को गेहंू की कटी फसल पर बिजली का तार टूटकर गिरने के मामले को लेकर बुधवार को पीडि़त किसान ने युवा नेता रवि सोनड़ समेत कई अन्य जनों ने थाने पहुंच कर जयपुर डिस्काम के अधिकारियों को जिम्मेेदार ठहराते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीडि़त किसान लक्ष्मीनारायण शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उसके खेत से होकर 11 केवी की विद्युत लाइन केे तार पिछले लंबे समय से पुराने व जर्जर हो चुके हैं तथा लाइन भी झूल रही है। मंगलवार को विद्युत तार टूट कर गेहूं की कटी हुई फसल पर गिर पड़ा जिससे उसकी करीब ढाई लाख रुपए की फसल जलकर राख हो गई। पीडि़त ने प्राथमिकी में बताया कि इस बारे में विद्युत निगम के अभियंताओं व लाइनमैन को भी कई बार शिकायत कर दी गई है उसके बाद भी इस लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज कराने के दौरन रामकरण मिस्त्री, रामभाई रामगढ़, रामराज, नारायण सिसोदिया,मुकेश, गिर्राज रामनगर समेत कई जने भी मौजूद रहे।