दौसा

जिले में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी परखने आए शासन सचिव

अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश

3 min read
Aug 18, 2021
बांदीकुई. सीएचसी में चिकित्साकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते चिकित्सा विभाग के अधिकारी।

दौसा. जिले में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव सिद्धार्थ महाजन पहुंचे। उन्होंने सिकंदरा व गीजगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की आठ टीमों ने जिले के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण भी किया।
बैठक में महाजन ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयारियां पूरी रखें। दूसरी लहर में की गई व्यवस्थाओं से सबक लेकर कार्ययोजना बनाई जाए। अस्पताल में बैड, ऑक्सीजन व कंसंट्रेटर आदि की कमी नहीं आनी चाहिए। कोरोना की तीसरी लहर में जिला अस्पताल में अधिक लोड नहीं दे, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर रखें। इस अवसर पर महाजन व जिला कलक्टर पीयुष समारिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नांदरी को वर्ष 2019-20 का कायाकल्प पुरस्कार दिया। इस दौरान सीएमएसएचओ डॉ. मनीष चौधरी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. सुभाष बिलौनिया, जिला अस्पताल के कोविड वार्ड प्रभारी डॉ आरडी मीना सहित अन्य मौजूद थे। वहीं जिला अस्पताल में डॉ. राकेश विश्वकर्मा ने निरीक्षण किया।

चिकित्सा कर्मियों से लिया फीडबैक
निदेशक ने सीएचसी के चिकित्सक व चिकित्साकर्मियों से वन टू वन संवाद किया साथ ही आँक्सीजन कन्संट्रेटर और अन्य मेडिकल इक्यूपमेंट की ट्रेनिंग की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सा कर्मियों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई सुझाव भी दिए।

ऑक्सीजन प्लांट को जल्द शुरू करने के दिए निर्देश
कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए निरीक्षण करने पहुंचे डोरिया ने ऑक्सीजन प्लांट के कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि प्लांट को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द शुरू किया जाए।

बांदीकुई. कोरोना की दूसरी लहर के बिगड़े हालातों को देखते हुए चिकित्सा महकमा संभावित तीसरी लहर को लेकर अभी से तैयारियों में जुटा हुआ है। चिकित्सा विभाग के अधिकारी इन दिनों तैयारियों को जांचने में जुटे हुए हैं। इसी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग (सीफू) के निदेशक डॉ. राजेंद्रप्रसाद डोरिया के नेतृत्व में टीम बांदीकुई सीएचसी पहुंची और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के कोविड वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट, लैब, इंमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर रूम, टीकाकरण केन्द्र को जांचा। बीसीएमएचओ डॉ. कपिलदेव मीना, सीएचसी प्रभारी डॉ. एसएन.शर्मा, सूर्यप्रकाश शर्मा, मनीष शर्मा, महेंद्र मीना, विनोद शर्मा, राधेश्याम, कालूसिंह गुर्जर, नानगराम, राजकुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सिकंदरा. राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा का चिकित्सा सचिव सिद्धार्थ महाजन ने टीम के साथ औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल के वार्ड में साफ-सफाई, निशुल्क दवा वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को वार्ड में बेड बढ़ाने, साफ सफाई समय पर कराने, चिकित्सकों को रात के समय मुख्यालय पर रुकने सहित अन्य निर्देश दिए। चिकित्सा सचिव ने बताया कि तीसरी लहर आने की संभावना के तहत अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। उनके साथ सीएमएचओ मनीष चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

गुढ़ाकटला. कोरोना महामारी के तीसरे वेरियेट से बचाव को लेकर चिकित्सा विभाग टीम ने जिले के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्रों पर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बांदीकुई एवं गुढ़ाकटला सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र पर सीफू के निदेशक डॉ. आर.पी. डोरिया ने सीएचसी पर कोरोना के तीसरे वेरियेट से बचाव के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। केन्द्र पर ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं संक्रमण रोकथाम के लिए अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. कपिल देव मीना, चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन खटाना एवं चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।

गीजगढ़. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सचिव सिद्धार्थ महाजन ने गीजगढ़ व सिकन्दरा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। गीजगढ़ सीएचसी प्रभारी हरीश मीना व ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित मीना से अस्पताल में कोरोना महामारी की तैयारियों की व्यवस्था में ऑक्सीजन व दवाइयों की जानकारी ली। महाजन व जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने सिकराय ब्लॉक सीएमएचओ डॉक्टर अमित मीना को कायाकल्प का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान डॉक्टर संजय सैनी, हरीश मीना आदि मौजूद थे।

Published on:
18 Aug 2021 11:00 am
Also Read
View All