दौसा

सड़क के बीच मौत बनकर खड़े हैं खम्भे व ट्रांसफॉर्मर

पत्रिका अभियान : नाम के गौरवपथ  
2 min read
Feb 21, 2019
The pillars and transformers standing in the middle of the road
सड़क के बीच मौत बनकर खड़े हैं खम्भे व ट्रांसफॉर्मर

दौसा. जिला मुख्यालय स्थित गुप्तेश्वर मंदिर मार्ग पर निर्माणाधीन गौरवपथ के बीचों-बीच बिजली का खम्भा व हाईटेंशन पावर ट्रांसफॉर्मर मौत बन कर खड़े हैं। इस मार्ग पर लोगों को हादसे की आशंका रहती है। सड़क के बीचों-बीच खड़े मौत के इस जंजाल को हटाने के जहमत न तो सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी दिखा रहे हैं और ना ही बिजली निगम के अधिकारी ध्यान दे रहे हैं। यदि किसी दिन तेज गति में आए वाहन ने खम्भे एवं ट्रांसफॉर्मर को टक्कर मार दी तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासी कई लोगों ने खम्भे एवं ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट करने की कई बार मांग कर ली, लेकिन डिस्कॉम के अभियंता कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि डिस्कॉम की लापरवाही से ही आए दिन हादसे हो रहे हैं। यदि समय पर समस्या का समाधान हो जाए तो हादसों से बचा जा सकता है। खास बात यह है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने करीब 32 लाख रुपए शिफ्टिंग चार्ज के बिजली निगम में करीब सालभर पहले जमा भी करा दिए। इसके बावजूद निगम ने कार्य पूरा नहीं किया है।

धीमी गति में चलाने पड़ते हैं वाहन
गुप्तेश्वर गौरवपथ पर बिजली के खम्भे एवं ट्रांसफॉर्मर जहां पर बीच सड़क पर लगे हुए हैं, वहां पर वाहन चालकों को अपने वाहनों को धीमी गति से गुजारना पड़ता है। यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। भारी वाहन चालकों को ज्यादा परेशान होना पड़ता है।

खुले में पड़ी है केबल
गुप्तेश्वर रोड पर जहां पर हाईटेंशन पावर ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है, वहां पर केबल व तार खुले में ही पड़े हैं। ऐसे में यहां पर करंट से होने वाले हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। यहां आवारा मवेशी भी घूमते ही रहते हैं। ऐसे में उनकी जान का भी जोखिम रहता है।

रात के समय नहीं देते दूर से दिखाई
गुप्तेश्वर रोड पर सड़क के बीचों-बीच लगा ट्रांसफॉर्मर व खम्भा रात को अधिक दूर से दिखाई नहीं देता है। ऐसे में रात के अंधेरे में यहां खतरा ही मण्डराया रहता है। कई बार तो वाहन चालक रात के समय खम्भे से भिड़ जाते हैं।

Published on:
21 Feb 2019 09:29 am