दौसा

सोने की कीमत ने तोड़े अब तक के सभी रिकॉर्ड, शादियों का बिगड़ा बजट

शादियों के सीजन में पीली धातु सोने ने भावों को लेकर सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। आखातीज के सावों से पहले सोना लखटकिया हो चुका है।
2 min read
Apr 25, 2025
gold

दौसा। शादियों के सीजन में पीली धातु सोने ने भावों को लेकर सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। आखातीज के सावों से पहले सोना लखटकिया हो चुका है। दो दिन पहले 24 कैरेट सोना के भाव 2800 रुपए उछाल के साथ 1,01800 रुपए प्रति दस ग्राम पहुंच गए थे। गुरुवार को 98 हजार 600 रुपए रहे। वहीं 22 कैरेट सोने के भाव 91700 रुपए प्रति ग्राम रहे। बीते कई दिनों से भाव 90 हजार से 1 लाख के बीच चल रहे हैं। वहीं चांदी भी एक लाख के आसपास प्रतिकिलो चल रही है। कीमतों के नए रिकॉर्ड से सर्राफा दुकानों पर ग्राहकी कमजोर हो रही है। खरीदार स्वर्ण आभा की दमक में रुचि कम दिखा रहे हैं। पिछले कुछ दिन से सोने के भाव रोजाना चढ़ रहे थे।

जानकारों के अनुसार अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में उछाल बना हुआ था। बाजार जब तक स्थिर नहीं होगा, कीमतों में वृद्धि देखने को मिलेगी। इसके अलावा ग्लोबल इकॉनोमी की हालत अभी सही नहीं हैं। डॉलर इंडेक्स कई सालों के निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे सुरक्षित निवेश के रुप में सोने की डिमाण्ड बढ़ गई है। इसके अलावा केन्द्रीय बैंकों द्वारा की जा रही सोने की खरीदारी की जा रही है।

इससे सोना और चांदी रोज नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। सोने की बढ़ी कीमतों ने किसान व मध्यम वर्ग का बजट बिगाड़ दिया। आर्थिक रूप से सक्षम लोग सोना अपनी आरक्षित पूंजी बढ़ाने के लिए खरीदते हैं तो उन्हें भाव बढऩे से फायदा ही होगा, लेकिन मध्यम वर्ग व किसान वर्ग शादी व मायरा के लिए सोने के आभूषण बनवाते हैं। अब दाम बढऩे से उनका बजट गड़बड़ा रहा है।

जेब टटोलने को मजबूर ग्राहक

सोने की नई कीमत सुनकर ग्राहक सदमे में हैं। इस माह के आखिरी में अक्षय तृतीया है। सैकड़ों शादी-विवाह होने हैं। महंगाई के चलते विवाह के लिए आयोजन जरूरत के आभूषण ही खरीद रहे हैं। वहीं अक्षय तृतीया के दिन सोने की खरीद करने की परंपरा रही है। नई कीमत को देख लोग सोना खरीदने से पहले अपनी जेब टटोलने को मजबूर है। अगर बाजार में इसी तरीके से मजबूती बनी रही तो अक्षय तृतीया पर लोगों का बजट भी गड़बड़ा सकता है।

दाम कम होना जरूरी

सोने-चांदी के भाव आशा से विपरीत बढ़ गए हैं। अभी सावों का समय है और सोने-चांदी के आभूषण खरीदने हैं। ऐसे में दाम कम होना जरूरी है। यह भी डर रहता है कि कहीं महंगे भाव में खरीद लें और बाद में सस्ता हो जाए। कीमतों में स्थिरता नहीं है, प्रतिदिन बदलाव हो रहा है।

महेश शर्मा, शहरवासी

लंबे समय से सोने-चांदी की कीमतों में रिकार्ड तोड़ तेजी हुई है। इससे शादी-समारोह की ग्राहकी पर असर पड़ रहा है। बंपर खरीद की जगह लोग आवश्यकता के अनुसार ही आभूषण खरीद रहे हैं। कीमतों में उथल-पुथल अमरीका के टैरिफ वार के चलते हो रहा है।

अमित आकड़, ज्वैलर

Updated on:
25 Apr 2025 03:59 pm
Published on:
25 Apr 2025 03:59 pm