दौसा

महुवा में तीन इंच बारिश, बांदीकुई व रामगढ़ पचवारा में भी झमाझम

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Jul 23, 2018
rain water in farm
महुवा में तीन इंच बारिश, बांदीकुई व रामगढ़ पचवारा में भी झमाझम

दौसा. जिलेभर में पिछले कई दिनों से तेज धूप व भीषण गर्मी के बाद महुवा में मूसलाधार व तो कहीं मध्यमगति या हल्की बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। जल संसाधन विभाग अधिशासी अभियंता एचएल मीना ने बताया कि सुबह 8 से 1 बजे तक महुवा में 74, बांदीकुई में 28, रामगढ़पचवारा 27, सिकराय 22 व लवाण 23 एमएम में बारिश हो गई।

इसके अलावा मोरेल में 12, लालसोट 15, बसवा 14, दौसा व नांगलराजावतान 8 व दौसा में 2 एममएम बारिश दर्ज की गई। वहीं महुवा उपखण्ड में बने जगरामपुरा बांध में भी भारी बारिश के बाद 5 फीट पानी की आवक हुई है। इस सीजन में बरसात की कमीं से बाजरे, मूंगफली, ग्वार समेत खरीफ की फसलें सूखने की स्थिति में आ गई थी। कई जगह तो बुवाई के बाद बारिश नहीं होने से बीज ही अंकुरित नहीं पाया था।अब बरसात का दौर शुरू होने के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं लोगों को गर्मी से राहत मिली।


महुवा. यहां उपखंड क्षेत्र में रविवार को हुई झमाझम बरसात से कस्बे के प्रमुख रास्तों सहित निचली कॉलोनियों में पानी भर गया। शनिवार रात से रविवार सुबह तक बारिश का दौर जारी रहने से किसानों के चेहरे खिल उठे। बरसात के चलते कस्बे के मम्मू कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, मुख्य बाजार, तहसील रोड, मंडावर रोड, ठेकडा सहित कई कॉलोनियों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं कस्बे में नियमित सफाई नहीं होने से नाले अवरुद्ध पड़े हैं। इससे बरसात के बाद कॉलोनियों व घरों में पानी भर गया। वहीं पिछले कई वर्षों से सूखे पड़े जगरामपुरा बांध में पानी की आवक हुई है। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे।


बांदीकुई. शहर सहित उपखण्ड क्षेत्र में रविवार सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर रहा। शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी भराव होने के कारण लोागें को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी।


बसवा.कस्बे में सुबह एक घंटे तक हुई तेज बारिश से अस्पताल परिसर सहित रास्तों में पानी भर गया। सुबह साढे पांच से तेज बारिश होना शुरू हो गई। लगातार करीब नौ बजे तक रूक रूक कर बारिश होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पानी भर गया। ऐसे में मरीजों को उपचार कराने के लिए पानी में होकर जाना पड़ा।


नांगल राजावतान. उपखण्ड मुख्यालय सहित आस-पास के गांव प्यारीवास, शेखपुरा, कोल्यावास, मलवास, चूडियावास, उदयपुरा, मानपुरिया, कानपुरा, भौजपुरा सहित दर्जनों गांवों में शनिवार रात व रविवार को बारिश हुई। कई गांवों के खेतों में पानी भर गया।

Published on:
23 Jul 2018 08:23 am