
दौसा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक हजार एवं पांच सौ रुपए के पुराने नोटों का प्रचलन बंद करने के बाद अब दूसरी खेप के नोट आना शुरू हो गया है। हालांकि आमजन को अभी तक लिमिट एवं जरूरत के मुताबिक तो रुपए मिलने की सम्भावना कम है, लेकिन बैंक एवं एटीएम का काम रुकेगा नहीं।
इससे इस सप्ताह में लोगों को कैश के लिए आ रही समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की सम्भावना है। जिला मुख्यालय स्थित एसबीबीजे बैंक शाखा में दूसरी खेप के करीब 20 करोड़ रुपए शनिवार देर रात तक आ गए हैं। जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा एवं सिकराय चेस्ट शाखा में भी सोमवार सुबह तक कैश आने की सम्भावना है।
एसबीबीजे बैंक दौसा चेस्ट शाखा प्रभारी मालचंद खटीक ने बताया कि उनके पास आरबीआई से दूसरी खेप के 20 करोड़ रुपए आ गए हैं। वे उनके अधीन आने वाली बैंक शाखाओं को सुबह कैश आवंटित कर देंगे। हालांकि बैंकों में कैश पहुंचने में समय जरूर लग सकता है। अब लोगों को मिलने में काफी राहत मिल पाएगी।
इधर, बैंक ऑफ बड़ौदा दौसा चेस्ट शाखा प्रभारी एम.एल. जांगिड़ ने बताया कि उनके पास सोमवार सुबह तक पहुंचने की सम्भावना है। इससे बाद लोगों को काफी हद तक राहत मिल जाएगी। एसबीबीजे शाखा चेस्ट प्रभारी रामस्वरूप मीना ने बताया कि उनके पास सोमवार सुबह तक कैश पहुंचने की उम्मीद है।
हालांकि लोग कैश जितना मांग रहा हैं उतना भुगतान तो अभी मिलना मुश्किल है, लेकिन लोगों का काम रुकेगा नहीं। उल्लेखनीय है कि 8 नवम्बर को प्रधानमंत्री द्वारा पांच सौ एवं एक हजार रुपए के नोट बंद के बाद से ही लोगों को खुल्ले एवं नए नोटों के लिए भटकना पड़ रहा है।
अधिकांश बैंक शाखाओं में लोगों को सरकार द्वारा तय की गई लिमिट के मुताबिक रुपए नहीं मिल पाए हैं। इससे किसान को न तो खाद-बीज मिल रहा है और न ही शादी विवाह वालों को सामान। हर कोई वर्ग परेशान है।