पीपलकी के समीप की घटना
मानपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर गुरुवार देर रात को पीपलकी पेट्रोल पंप के सामने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे चल रहे दूसरे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इससे ट्रेलर का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। ट्रेलर की केबिन में फंसे ट्रेलर चालक व खलासी को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस डीओ रणवीरसिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरतपुर की ओर से दो ट्रेलर आगे-पीछे चल रहे थे। पीपलकी पेट्रोल पंप के सामने अचानक पीछे चल रहे ट्रेलर ने आगे चल रहे ट्रेलर को टक्कर मार दी। इससे ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई चालक व खलासी बुरी तरह फस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर के केबिन में फंसे ट्रेलर चालक युनूस खान निवासी खानवा थाना रूपवास भरतपुर व खलासी जिल्लो खान पावटा गढ़ी थाना वजीरपुर सवाईमाधोपुर को क्रेन की सहायता से एक घंटे की बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। बाद में एनएचआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाकर भर्ती कराया गया।
फंदे से झूली विवाहिता, दहेज हत्या का मामला दर्ज
लालसोट. मंडावरी थाना क्षेत्र के टोडाठेकला गांव में गुरुवार रात्रि को एक विवाहिता ने घर में फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। मामले को लेकर मृतका के पिता ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। मंडावरी थाना प्रभारी भरतलाल मीना ने बताया कि गांव टोडाठेकला में गुरुवार रात्रि करीब बारह बजे विवाहिता पूनम बैरवा (27) पत्नी लालूप्रसाद बैरवा द्वारा फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडावरी मोर्चरी पहुंचाया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता जगनलाल बैरवा निवासी मोहनपुरा भी मोर्चरी पहुंचे और मृतका के पति के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या की प्राथमिकी दी, जिसे दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता ने प्राथमिकी में बताया कि चार वर्ष पूर्व उसने अपनी पुत्री की शादी टोडाठेकला गांव में लालूप्रसाद के साथ की थी।
शादी के बाद से ही उसका पति दहेज के लिए प्रताडि़त करता था। इस दौरान उसने मारपीट कर भगा भी दिया था। जिसके बाद वह एक साल पीहर मेंं भी रही थी। गत दिनों ही उसकी पुत्री को राजी खुशी के साथ उसके पति के साथ भेजा था। मामले की जानकारी मिलने पर शुक्रवार सुबह लालसोट एसडीएम गोपाल जांगिड़ व पुलिस उपाधीक्षक सतीश यादव भी मंडावरी पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव को पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। जांच पुलिस उपाधीक्षक को सौपी हैं