दौसा

गांजा की तस्करी करते दो गिरफ्तार, 94 हजार 500 की नकदी जब्त

महुवा पुलिस ने की कार्रवाई

less than 1 minute read
Jan 13, 2024
जब्त किया गया गांजा

दौसा. महुवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लगभग 2 किलो गांजे के साथ दो जनों को गिरफ्तार कर 94हजार 500 रुपए की नकदी एवं कार को भी जब्त कर लिया। महुवा थाना अधिकारी जितेंद्र सोलंकी ने बताया कि आगरा से जयपुर की तरफ एक कार में तस्करी के लिए मादक पदार्थ ले जाने की सूचना मुखबिर से मिली। इस पर एक टीम गठित कर टिकरी मोड़ के पास पुलिस ने कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो 980 ग्राम गांजा एवं कार में रखे 94500 नगद रुपए मिले।

पुलिस ने कार सवार अजय कुमार निवासी मनसापूरी कॉलोनी सुखदेव नगर मथुरा, विनोद पंजाबी निवासी बस स्टैंड के पास मथुरा को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर गांजा, नकदी व कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद हुई राशि मादक पदार्थ बेचने की राशि है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी जनवरी 2023 में खेड़ली थाने में 38 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार हो चुके हैं और दोनों मादक पदार्थ तस्करी के आदतन आरोपी हैं एवं अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
13 Jan 2024 07:53 pm
Also Read
View All