
राजस्थान सरकार की गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर फिलहाल ब्रेक। फोटो: पत्रिका
Gopal Credit Card Scheme: दौसा। पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुओं की बेहतर देखभाल के उद्देश्य से संचालित गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। नए लक्ष्य तय नहीं होने व तकनीकी कारणों के चलते जिले में पशुपालकों को इस योजना के तहत अब ऋण नहीं मिल पा रहा है। इससे पशुपालकों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान सरकार ने पुराने लाभार्थियों को दोबारा ऋण वितरण पर भी रोक लगा दी है। पिछले वर्ष राज्य सरकार ने अप्रैल 2025 में योजना के लक्ष्य निर्धारित किए थे, लेकिन इस बार अब तक नए लक्ष्य जारी नहीं किए गए है। सहकारी बैंक अधिकारियों के अनुसार वर्तमान बजट घोषणा में भी योजना का कोई उल्लेख नहीं किया गया है, जिससे पशुपालकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
दौसा जिले की केंद्रीय सहकारी बैंक शाखाओं के माध्यम से इस योजना के तहत ऋण 365 दिन की अवधि के लिए दिया जाता था, जिससे पशुपालकों को पशुओं के चारे, दवाई और देखभाल संबंधी खर्चों में काफी राहत मिलती थी। पशुपालकों का कहना है कि योजना बंद होने से अब उन्हें निजी साहूकारों या अन्य स्रोतों से ऊंचे व्याज पर ऋण लेना पड़ेगा।
जिले के कई पशुपालकों ने सरकार से योजना को जल्द दोबारा शुरू करने की मांग की है। गर्मी के मौसम में पशुओं के चारे और पानी की व्यवस्था के लिए आर्थिक सहायता बेहद जरूरी होती है। योजना पर रोक लगने से जिले के पशुपालकों में निराशा का माहौल है और वे सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे है।
ग्रामीण शंकर लाल ने बताया कि उसने ऑनलाइन आवेदन किया था, अभी तक ना तो राशि मिली ना ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। सरकार को योजना के तहत ऋण देना चाहिए। ताकि रोजगार मिल सके।
ग्रामीण महिला पूजा ने बताया कि वह गाय लेकर खुद का स्वरोजगार करना चाहती है, लेकिन कोई आवेदन के बारे में जानकारी ही नहीं दे रहा। नए आवेदन भी नहीं लिए जा रहे। सरकार को आवेदन प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना राजस्थान सरकार की ओर से शुरू की गई एक महत्त्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत पशुपालकों को पशुपालन व्यवसाय के लिए बिना ब्याज (0% ब्याज) के एक लाख लाख तक का अल्पकालिक ऋण प्रदान किया जाता है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के गोपालकों को साहूकारों के महंगे कर्ज से बचाने और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता देती है।
पोर्टल को अपडेट किया जा रहा है। इस कारण नए आवेदन नहीं लिए जा रहे। पहले जिन्होंने भी आवेदन किए हैं, उनको नियमानुसार ऋण दिलवाया है।
-रोहित सिंह, एमडी केन्द्रीय सहकारी बैंक, दौसा
Updated on:
08 May 2026 09:55 am
Published on:
08 May 2026 09:55 am
