दौसा

लालसोट में तीन दुकानों के शटर उखाड़े, दो सूने मकान के तोड़े ताले

नकदी व हजारों का माल पार

3 min read
Mar 26, 2021
लालसोट पुलिस थाने में थाना प्रभारी राजवीर सिंह राठौड़ से वार्ता करते व्यापार महासंघ पदाधिकारी एवं दुकानदार।

दौसा. लालसोट शहर के कोथून रोड क्षेत्र में चोरों ने बुधवार रात्रि को जमकर धमाचौकड़ी मचाते हुए लालसोट थाना पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के दावों की पोल खोलकर रख दी है। चोरों ने तीन दुकानों के शटर उखाड़ कर हजारों रुपए का माल पार करने की घटना को अजांम दिया। इसके अलावा न्यू कॉलोनी क्षेत्र में एक सूने मकान से हजारों की नकदी, जेवरात व अन्य सामान भी पार कर ले गए। एक ही रात्रि में चोरी की चार घटनाओं ने पुलिस की गश्त पर सवाल भी खड़े कर दिए है और घटनाओं के चलते लोगों में भी गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। चोरों ने कोथून रोड से गणगौरी मैदान जाने वाले लिंक रोड पर रामकिशोर बैरवा की दुकान के शटर उखाड़कर हजारों रुपए के स्मार्ट फोन व अन्य सामान चुरा ले गए। इसी तरह चोरों ने कुछ दूरी बाद आशीष कुमार की फुटवियर दुकान और मेघराज बैरवा की मोबाइल दुकानों के भी शटर उखाड़ते हुुए वहां से भी जूते व अन्य सामान चुरा लिए। गुरुवार सुबह जब पड़ोसियों ने इन तीनों दुकानों के शटर को उखड़े हुए देखा तो उन्होंने दुकान मालिकों को घटना के बारे में सूचित किया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने भी उक्त घटनाओं के विरोध में अपनी दुकानें नहीं खोलते हुए रोष प्रकट करने लगे। कुछ देर बाद मौके पर थाना पुलिस भी पहुंची।

सामान गायब देख बिलख पड़े परिजन
लालसोट. शहर में बुधवार शाम से लेकर गुरुवार शाम तक बीते चौबीस घंटों में चोरी की पांचवी वारदात सामने आई है। गुरुवार शाम को शहर में एक और सूने मकान से चोरी का मामला प्रकाश में आया है। गत 9 मार्च को एक सड़क दुर्घटना में मृतक एलडीसी हुकमचंद सेन के मीना कॉलोनी स्थित सूनेे मकान पर चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए हजारों के जेवरात व नकदी पार कर लिए। हुकमचंद की मौत के बाद उनका परिवार नेहरू कॉलोनी स्थित आवास पर ही रहता है। गुरुवार शाम को जब पड़ौस में रहने वाले परिवार ने मकान के दरवाजे खुले देखे तो उन्होंने इस बारे में परिवार को सूचित किया, जिसके बाद मृतक की मां कांता देवी व छोटा भाई शिव कुमार यहां पहुंचे तो पूरे मकान मेे कमरों के ताले टूटे हुए मिले और आलमारी व बेड के सभी सामान बिखरे हुए पड़े मिले। आभूषण व नकदी को गायब देख कर वह बिलख पड़ी। (निप्र.)

सूने मकान पर बोला धावा
लालसोट. शहर की न्यू कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक सूने मकान से चोरी का मामला भी सामने आया है। चोर इस मकान के ताले तोड़कर वहां से डेढ़ लाख की नकदी, जेवरात व अन्य सामान पार कर ले गए हैं। एक मकान में किराए से रहने वाले मुकेश साहू का परिवार जयपुर में अपने रिश्तेदार की अचानक तबीयत बिगडऩे पर बुधवार को जयपुर चला गया था, गुरुवार सुबह मुकेश साहू व उसका परिवार लौटा तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले और सभी आलमारियां भी खुली मिली। मामले की जानकारी मिलने पर पड़ोसी सहित अन्य जने भी जा पहुंचे, कुछ देर बाद मौके पर लालसोट थाना प्रभारी राजवीर सिंह और हैड कांस्टेबल दान सिंह भी जा पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। पीडि़त ने बताया कि चोर घर में रखी आलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी, सोने के कड़े, कानों के टॉप्स, दो अंगूठी, चैन मय पेंडल, चूडिय़ां व चांदी की दो जोड़ी पायल चुरा ले गए।

सीसीटीवी में दिखे दो युवक
रामकिशोर बैरवा की मोबाइल दुकान में चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसमे दो युवक दुकान में घुस कर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए नजर आ रहे है। एक युवक का चेहरा तो पूरी तरह स्पष्ट नजर आ रहा है।

Published on:
26 Mar 2021 08:35 am
Also Read
View All