भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौसा में जनसभा, कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया तो केन्द्र की मोदी सरकार के विकास कार्यों को भी गिनाया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को दौसा शहर के बजरंग मैदान में भाजपा प्रत्याशी शंकरलाल शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान नड्डा ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया तो केन्द्र की मोदी सरकार के विकास कार्यों को भी गिनाया।
नड्डा ने कहा कि जहां कांग्रेस है वहां घोटाला, अत्याचार, पेपर लीक, बेरोजगारी है और जहां भाजपा है वहां विकास और तरक्की है। कांग्रेस ने आकाश, पाताल, समुद्र, धरती कहीं भी घोटाला करने में कसर नहीं छोड़ी है। राजस्थान में तो मुख्यमंत्री के परिजन भी घोटालों में शामिल हैं। अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान के विकास को ग्रहण लगा दिया है, उस ग्रहण को 25 नवंबर को भाजपा प्रत्याशी को जिताकर उतारना है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान को बीते पांच साल में भ्रष्टाचार, महिला उत्पीडऩ, दलित अत्याचार, किसानों के तिरस्कार व धार्मिक उत्पीडऩ में नंबर एक बना दिया है। किसानों की कर्जा माफी दस दिन में करने की बात की थी, वह तो नहीं उल्टे 19400 किसनों की जमीन कुर्क कर दी। सर तन से जुदा, रामनवमी जुलूस व कावड़ यात्रा पर रोक, मंदिरों को तोड़ा गया और गहलोत सरकार ने पीएफआई को भाषण देने की इजाजत देकर धार्मिक तुष्टिकरण किया। कन्हैयालाल की हत्या और राजस्थान में 19 बार पेपर लीक होने की बात कहकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा है। सभा में भाजपा प्रभारी अरुण सिंह, सांसद जसकौर मीणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित कई नेता मौजूद थे।
‘मोदी राज में तरक्की’
जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी राज में देश की तरक्की हुई है। भारत पांचवें नंबर भी अर्थव्यवस्था बन गया है और 2027 में तीसरे नंबर की बन जाएगा। साढ़े तेरह करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया। दौसा में मेडिकल कॉलेज, एक्सप्रेस वे, रेलवे स्टेशन को सौन्दर्यीकरण, ट्रेनों के ठहराव आदि कामों को भी गिनाया।
भ्रष्टाचारियों को जेल में डालेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार करने वालों को एसआईटी गठित कर जेल में डाला जाएगा। नड्डा ने कहा कि यहां इतना भ्रष्टाचार हुआ है कि सचिवालय से भी पैसा और सोना निकला है। इस दौरान नड्डा ने घोषणा पत्र में किए गए वादों का भी उल्लेख किया।
पानी की मांग पर बोले कमी नहीं आने देंगे
पेयजल के मुद्दे पर जेपी नड्डा ने कहा कि दौसा में पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी। इससे पूर्व प्रत्याशी शंकरलाल शर्मा ने पिछले शासनकाल में बीसलपुर का पानी दौसा में लाने की योजना का उल्लेख किया। साथ ही ईआरसीपी को लागू करने और दौसा को पानी देने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
बार-बार जनता से हामी भराई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूरे भाषण में श्रोताओं को अपने साथ जोड़े रखा। चाहे प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाए हो या मोदी सरकार की तारीफ की हो, हर बार जनता से हुआ की नहीं हुआ, किया की नहीं किया... बोलकर जनता से हामी भराते रहे।
दो घंटे देरी से आए, 27 मिनट भाषण दिया
जेपी नड्डा सभास्थल पर करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे और 27 मिनट का भाषण दिया। स्थानीय जुड़ाव रखते हुए उन्होंंने संत सुंदरदास और पंच महादेवों को नमन किया। संबोधन के दौरान 13 मिनट गहलोत सरकार पर निशाना साधा तो 6 मिनट मोदी सरकार की तारीफ और 4 मिनट भाजपा के घोषणा पत्र पर भी बोले। सभा में भाजपा प्रभारी अरुण सिंह, सांसद जसकौर मीणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, जम्मू कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके वर्मा, प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर, आशा शर्मा सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे। मंच संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण शाहरा ने किया। कई स्थानीय नेताओं ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।