महुवा थाना इलाके के सांथा गांव में परचून की दुकान पर की वारदात, उत्तरप्रदेश नम्बर की कार से आए थे बदमाश
दौसा. महुवा. थाना इलाके के सांथा गांव में परचून की दुकान चला रहे एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही उपाधीक्षक शंकर लाल मीणा व थाना प्रभारी करण सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और उन्होंने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस उपाधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि सांथा गांव निवासी यादराम (30) पुत्र प्रभु मीणा गांव में परचून की दुकान चलाता था। मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे अज्ञात बदमाशों ने दुकान पर पहुंचकर उसे सिर पर गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अभी हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। टीम गठित कर पुलिस तलाश में जुट गई है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को महुवा सामुदायिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जहां पूर्व प्रधान राजेन्द्र मीणा व सरपंच मानसिंह सांथा सहित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर दबाव बनाया। इसके बाद पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी करण सिंह राठौड़ के साथ क्षेत्र में जगह-जगह टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरी शादी की थी यादराम ने
ग्रामीणों बताया कि मृतक यादराम की दो शादियां हुई हैं। पत्नी की मौत के बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसके दो लड़कियां हैं तथा दूसरी पत्नी से भी उसके एक लड़की है। मृतक दो भाई हैं एक दूध डेयरी का काम करता है।
उत्तरप्रदेश नंबर की कार तेज गति से निकली
ग्रामीणों के अनुसार गांव से होकर तेज गति में एक उत्तर प्रदेश नंबर की कार गुजरी थी, जिसमें सवार बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या की। वारदात के बाद बदमाश कार को महुवा की ओर तेज गति से ले गए।