Ankita Bhandari Murder Case : चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में सीबीआई ने केस दर्ज कर लिया है। अब सीबीआई उस कथित वीआईपी का भंडाफोड़ करेगी, जिसे स्पेशल सर्विस देने से इनकार करने पर अंकिता भंडारी को मौत के घाट उतार दिया गया था। ये मामला पिछले साढ़े तीन साल से काफी चर्चाओं में है।
Ankita Bhandari Murder Case : अंकिता भंडारी हत्याकांड की करीब साढ़े तीन साल बाद सीबीआई जांच शुरू होने जा रही है। बता दें कि अंकिता भाजपा नेता के बेटे पुलकित आर्य के वनंतरा रिजॉर्ट में जॉब करती थी। 18 सितंबर 2022 को पुलकित सहित उसके दो साथियों ने अंकिता भंडारी पर एक कथित वीआईपी को एक्सट्रा सर्विस देने दबाव बनाया। इनकार करने पर उन्होंने अंकिता की हत्या कर शव चीला नहर में ठिकाने लगा दिया। ये मामला पिछले साढ़े तीन साल से काफी चर्चाओं में है। बीते दिनों अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया में कुछ वीडियो और ऑडियो वायरल कर सनसनी फैला दी थी। उर्मिला के दावों से राज्य में सियासी भूचाल खड़ा हो गया था। उसके बाद पूरे राज्य में भाजपा के खिलाफ आंदोलन शुरू हो गए थे। इससे सरकार असहज हो गई थी। अंकिता के माता-पिता की मांग को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बीते 9 जनवरी को हत्याकांड की सीबीआई जांच की संस्तुति भेजी थी। कल दिल्ली सीबीआई की एससी-2 यूनिट ने अंकिता हत्याकांड में केस दर्ज कर लिया है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में केस दर्ज करने के तुरंत बाद सीबीआई की एक टीम देहरादून पहुंच चुकी है। सीबीआई की विशेष टीम ने राज्य पुलिस से केस से जुड़े तमाम दस्तावेज और साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं। सीबीआई का मुख्य फोकस पुलिस की अब तक की जांच में मिले तथ्य और कथित वीआईपी की पहचान व भूमिका की जांच करने पर होगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि सीबीआई अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी का जल्द ही पता लगा लेगी। बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अदालत पुलकित आर्य सहित उसके दो साथियों को पहले ही उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। अब सीबीआई वीआईपी एंगल की जांच करेगी।