देहरादून

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा, कांग्रेस में जल्द होगी बड़ी टूट, कई दिग्गज नेता थामेंगे कमल का फूल

Political Stir : राज्य में चल रहे सियासी घमासान के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के दावों से कांग्रेस में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि जल्द ही कांग्रेस में बड़े स्तर पर टूट होने वाली है। कई कद्दावर कांग्रेस नेता भाजपा का दामन थामने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के एक विवादित बयान पर बहस छेड़ दी है।
2 min read
Mar 30, 2026
BJP state president Mahendra Bhatt has claimed that many big leaders of Congress are going to join BJP soon
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल

Political Stir : 2027 विस चुनाव से पहले राज्य में सियासी घमासान मचा हुआ है। बता दें कि बीते दिनों उत्तराखंड में तीन पूर्व विधायकों ने दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर विस चुनाव का शंखनाद किया था। इनमें रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल और भीमलाल आर्य सहित छह बड़े नेता शामिल थे। तीन पूर्व विधायकों के कांग्रेस के पाले में जाने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उनकी पार्टी से रिजेक्ट लोगों को कांग्रेस सलेक्ट कर रही है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बीजेपी लंबे समय से संगठन विस्तार के काम में जुटी हुई है। कई नेता पूर्व में भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कई और नेता भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही कांग्रेस के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मिशन 2027 के लक्ष्य को साधने में जुटी हुई है। कहा कि उत्तराखंड में भाजपा हैट्रिक लगाने वाली है।

भट्ट के बयान पर जुबानी जंग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के एक बयान पर दोनों ही पार्टियों में जुबानी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विवादित बयान पर पलटवार किया है। गोदियाल ने महेंद्र भट्ट के बयान को बेहद आपत्तिजनक और स्तरहीन करार देते हुए उन्हें पद की गरिमा बनाए रखने की नसीहत दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में गणेश गोदियाल ने कहा कि महेंद्र भट्ट जब भी सार्वजनिक मंचों से बोलते हैं, वह अपनी पार्टी के संस्कारों का परिचय देना नहीं भूलते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष की भाषा शैली न केवल अमर्यादित है, बल्कि उत्तराखंड की राजनीतिक संस्कृति को भी कलंकित करने वाली है। दरअसल, महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में शामिल होने वाले या पूर्व विधायकों के लिए ‘निकाला हुआ माल’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी सफाई

अपने बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सफाई दी है। निकाले गए माल शब्द पर ट्रोल होने पर महेंद्र भट्ट ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका आशय अनुशासनहीनता की वजह से निकाले गए लोगों से था। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की आपत्ति उनकी द्वीअर्थी सोच की वजह से है। भट्ट ने  कहा कि उनका आशय भ्रष्टाचारी, अनुशासनहीन नेताओं से था।

Updated on:
30 Mar 2026 07:55 am
Published on:
30 Mar 2026 07:54 am