देहरादून

भाजपा की घेराबंदी : तीन पूर्व विधायक सहित छह बड़े नेता आज कांग्रेस में होंगे शामिल, दिल्ली में होगी ज्वाइनिंग 

Political Battle : राज्य में बड़ा सियासी भूचाल आ रहा है। 2027 विस चुनाव के लिए कांग्रेस ने बिसात बिछानी शुरू कर दी है। आज तीन पूर्व विधायक सहित छह बड़े नेता कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। इन सभी नेताओं को आज दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन कराई जाएगी। इसमें भाजपा के बागी नेता भी शामिल हैं।

2 min read
Mar 28, 2026
उत्तराखंड के तीन पूर्व विधायक आज दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन करेंगे

Political Battle : 2027 विस चुनाव से पहले उत्तराखंड में सियासी संग्राम शुरू हो चुका है। आज तीन पूर्व विधायकों सहित छह कद्दावर नेता दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता हासिल करेंगे। इनमें सीएम पुष्कर सिंह धामी के गृह जिले के रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल भी शामिल हैं। साथ ही पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, भीमताल से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके लाखन सिंह नेगी, मसूरी के पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता शामिल हैं। इन सभी छह बड़े नेताओं की आज दिल्ली में कांग्रेस में ज्वाइनिंग कराई जाएगी। करीब चार साल से राजनैतिक वनवास झेल रहे दो बार के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल पर भी सभी की निगाहें गढ़ी हुई हैं। प्रदेश प्रभारी शैलजा सहित कांग्रेस आला कमान आज इन सभी छह नेताओं को पार्टी की सदस्यता प्रदान करेंगे। ये सभी नेता कल ही दिल्ली रवाना हो गए थे। कांग्रेस की ओर से विस चुनाव से पहले की गई इस घेराबंदी से भाजपा को बड़ी चुनौती मिलने की संभावनाएं लोग जता रहे हैं।

रेखा आर्या को टक्कर देंगे पाल!

दो बार के विधायक रह चुके नारायण पाल कांग्रेस के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक नारायण पाल को 2027 विस चुनाव में पार्टी अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर सीट से मौजूदा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के मुकाबले खड़ा कर सकती है। बताया जा रहा है कि नारायण पाल को सोमेश्वर सीट से चुनाव लड़वाने के लिए पार्टी ने पूरी तैयारी कर दी है। बकायदा कांग्रेस के स्थानीय संगठन और नारायण पाल के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है। इस सीट से नारायण पाल के चुनाव लड़ने के बाद भाजपा को विस चुनाव में बड़ी चुनौती मिल सकती है। नारायण पाल सितारगंज सीट से 2002 से 2012 तक लगातार दस साल विधायक रहे।

ठुकराल देंगे बड़ी चुनौती

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री के बाद भाजपा को रुद्रपुर सीट से बड़ी चुनौती मिल सकती है। राजकुमार ठुकराल 2012  से 2022 तक भाजपा के टिकट से लगातार दस साल तक रुद्रपुर के विधायक रहे। 2022 विस चुनाव से ठीक पहले एक ऑडियो वायरल होने के बाद वह विवादों में घिर गए थे। इस पर भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। 2022 में भाजपा ने शिव कुमार को प्रत्याशी बनाया था। इस पर ठुकराल ने बागी तेवर अपनाते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा लेकिन वह भाजपा से हार गए थे। बावजूद इसके वह अपने दम पर 26988  वोट लाए। वहीं भाजपा को इस सीट से 60602 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा को 40852 वोट मिले थे।

Published on:
28 Mar 2026 08:55 am
Also Read
View All

अगली खबर