
Uttarakhand Politics:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि SIR देश में पहली बार नहीं हो रहा है और पहले भी कई बार यह प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है।
सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस को SIR को लेकर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब देश में पहले भी कई बार SIR हो चुका है, तो उस समय इस प्रक्रिया पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि इस बार SIR की प्रक्रिया निर्धारित तरीके से की जा रही है और मतदाता सूची को व्यवस्थित एवं शुद्ध करने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या घुसपैठियों को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने एक से अधिक जगहों पर मतदान करने वाले लोगों को लेकर भी चिंता जताई। धामी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति एक से ज्यादा स्थानों पर वोट करता है, तो उसका असर पूरे चुनाव पर पड़ सकता है। ऐसे में मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं के नाम होना जरूरी है।
सीएम धामी ने कहा कि अगर मतदाता सूची को शुद्ध किया जा रहा है, तो किसी को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस प्रक्रिया का विरोध कर रहा है तो इससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपत्ति करने का मतलब है कि "दाल में कुछ काला है।"
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश संविधान और तय व्यवस्था के अनुसार चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता जरूरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने SIR के समर्थन में एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में दर्ज लोगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक से ज्यादा जगहों पर वोटर लिस्ट में दर्ज है, तो इससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में मतदाता सूची को दुरुस्त करना जरूरी है।
धामी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब SIR को लेकर विपक्ष लगातार सरकार और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम भी प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, भाजपा का कहना है कि पारदर्शी और शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के लिए SIR जरूरी प्रक्रिया है।