17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘बस की स्पीड कम करने को कहा, फिर आंख लग गई..’ उत्तराखंड बस हादसे में घायल ने बताई आपबीती

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में यात्रियों से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हुए। घायल यात्री पंकज ने बताया कि यात्रियों ने हादसे से पहले ड्राइवर को दो-तीन बार बस की रफ्तार धीमी करने के लिए कहा था, लेकिन उसने चेतावनी अनसुनी कर दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

देहरादून

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 17 Nov 2026, 11:52 AM IST

Tehri Garhwal Bus Accident

An injured passenger, Pankaj (Photo/ANI)

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुलर बाजार के पास हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में घायल एक यात्री ने बताया कि बस चालक तेज रफ्तार से चला रहा था। यात्रियों ने उसे दो से तीन बार बस को धीरे चलाने कहा था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।

ड्राइवर को धीमी रफ्तार से चलाने को कहा था

हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। उन्होंने खुद भी चालक से बस धीमी चलाने के लिए कहा था। पंकज ने बताया कि यात्रियों ने दो से तीन बार चालक को रफ्तार कम करने के लिए कहा, लेकिन वह तेज रफ्तार से बस चलाता रहा। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद उन्हें नींद आ गई और फिर उन्हें पता नहीं चला कि हादसा कैसे हुआ।

सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के अनुसार, बस हरिद्वार से चमोली जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गुलर पुल के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे 26 घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्गम रास्ते के कारण जवानों ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बस से निकालकर सड़क तक लाए गए और अस्पताल पहुंचाए गए। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

AIIMS ऋषिकेश में 22 घायल पहुंचे, कई की हालत गंभीर

हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस से AIIMS ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। AIIMS के जनसंपर्क अधिकारी शिलोय के अनुसार, अस्पताल में करीब 22 मरीज पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि घायलों के इलाज के लिए ट्रॉमा टीम के साथ अन्य विभागों के डॉक्टर भी जुटे हुए हैं।

AIIMS के नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि जिला प्रशासन से सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 6:30 बजे घायलों का अस्पताल पहुंचना शुरू हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 22 मरीज अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से दो को मृत अवस्था में लाया गया था। इसके अलावा पांच अन्य लोगों को भी अस्पताल लाया गया, जिन्हें मृत घोषित किए जाने की जानकारी दी गई। डॉक्टरों की टीम मरीजों की जांच में जुटी रही। शुरुआती आकलन में छह घायलों की हालत गंभीर बताई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।