
अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने गिरफ्तारी की टाइमिंग पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत कब और कहां दर्ज हुई, किन धाराओं में दर्ज हुई और फिर अचानक गिरफ्तारी कैसे हो गई, ये सभी बातें अपने आप में सवाल खड़े करती हैं।
आलोक शर्मा ने कहा कि मीडिया के माध्यम से पता चला था कि उर्मिला सनावर अगले दिन सीबीआई के सामने पेश होने वाली थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि वे नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सीबीआई द्वारा उन्हें नार्को टेस्ट के लिए ले जाने से पहले ही कोई साजिश रची गई हो सकती है।
शर्मा ने साफ किया कि यह कानूनी प्रक्रिया का मामला है। उन्होंने कहा कि आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर पार्टी दोबारा टिप्पणी करेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने वनंत्रा रिसॉर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से रिसॉर्ट को गिराया गया और पहले दिन से इस मामले की जांच जिस तरह हुई, उस पर भी सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के दबाव में उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग की गई थी।