
Dehradun ISBT Modernization Project:देहरादून के प्रमुख अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) को अब एक आधुनिक और सुविधायुक्त स्वरूप देने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप देहरादून को बेहतर यातायात और नागरिक सुविधाएं देने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) लगातार काम कर रहा है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में फैले इस महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र को संवारने के लिए 27.50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
परियोजना के तहत ISBT में प्लेटफॉर्म के फर्श को दुरुस्त करने के साथ आधुनिक सार्वजनिक शौचालय विकसित किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय, डोरमेट्री, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके अलावा परिसर में लैंडस्केपिंग और ऊर्जा कुशल विद्युत व्यवस्था जैसे कार्य भी शामिल हैं। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि रोजाना देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो और सुरक्षा मानकों का पालन हो, इसके लिए भी अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
ISBT परिसर में स्थित मॉल को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। वर्तमान में यहां फिल्मों का प्रदर्शन हो रहा है जबकि शॉपिंग मॉल और दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इससे यह परिसर केवल बसों के संचालन तक सीमित न रहकर एक बहुउद्देशीय केंद्र बन जाएगा। करीब 10 एकड़ में फैले ISBT को भविष्य में प्रतिदिन लगभग 2 हजार से अधिक बसों की क्षमता को संभालने के लिहाज से डिजाइन किया गया है। देहरादून में बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ती परिवहन जरूरतों को देखते हुए ISBT का सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण शहर की परिवहन व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है।
ISBT में यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी देने की भी तैयारी है। इसके लिए ओला और उबर जैसी कैब सेवाओं के लिए बूथ निर्धारित किए जा रहे हैं। परिसर में ई-चार्जिंग की सुविधा बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा यहां बने कियोस्कों को पारंपरिक पहाड़ी शैली में विकसित करने की पहल की गई है। इससे परिसर में उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई देगी। ISBT में जलभराव की समस्या को दूर करने और परिसर की दूसरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के काम भी किए गए हैं।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि ISBT देहरादून का महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है। इसे आधुनिक और सुविधाजनक बनाने पर प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईएसबीटी के मॉल और अन्य सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि पूरा परिसर अधिक व्यवस्थित और उपयोगी स्वरूप में विकसित हो सके।
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि आईएसबीटी में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आईएसबीटी को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त और अधिक व्यवस्थित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।