देहरादून

मिड-डे मील को बच्चों से ढुलवाई लकड़ियां, डीएम ने प्रधानाध्यापिका को किया सस्पेंड

Child Labor : मिड-डे मील बनाने के लिए मासूम बच्चों से लकड़ियां ढुलवाना एक प्रधानाध्यापिका को महंगा पड़ा है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को संज्ञान लेते हुए डीएम के आदेश पर प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।

2 min read
Mar 21, 2026
In Haridwar, the district magistrate suspended the headmistress for making children carry wood for mid-day meals
हरिद्वार में मिड-डे मील बनाने के लिए बच्चों से लकड़ियां ढुलवाई गईं

Child Labor : छोटे-छोटे बच्चों से जंगल से लकड़ियां ढुलवाने का मामला सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। ये मामला हरिद्वार के बहादराबाद खंड के अजीतपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का है। यहां पर मिड-डे मील बनाने के लिए छोटे-छोटे बच्चों से लकड़ियां ढुलवाई गईं। इसी दौरान स्कूली ड्रेस में लकड़ियां ढोते हुए बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। देखते ही देखते वीडियो हजारों लोगों तक पहुंच गया था। मामला संज्ञान में आते ही प्रधानाध्यापिका सरस्वती चौहान को जिला शिक्षा अधिकारी ने अमित कुमार चंद ने निलंबित कर दिया। उन पर बाल श्रम, शारीरिक दंड और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप हैं। प्रशासन ने इसे बच्चों के अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन माना है। बता दें कि वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे सिर पर लकड़ियां ढोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो मिड-डे मील पकाने के लिए एकत्रित की जा रही थीं। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी बच्चों से लकड़ियां ढुलवाई गई थी।

डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

बच्चों से लकड़ियां ढुलवाने का मामला सामने आने से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने साफ कहा कि किसी भी हालत में बच्चों से ऐसा काम कराना स्वीकार्य नहीं है, जिससे शिक्षा विभाग की छवि खराब हो। उन्होंने कहा कि बच्चों से इस तरह का काम कराना बालश्रम की श्रेणी में आता है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अवैध खनन में सिपाही सस्पेंड

अवैध खनन में संलिप्तता के आरोप में सिडकुल थाने के सिपाही प्रदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। खनन गतिविधियों से जुड़े मामले में आरक्षी की भूमिका पाए जाने पर एसएसपी ने देर किए बिना कार्रवाई की और उसे पुलिस लाइन से संबद्ध रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा। इस संबंध में सीओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरे घटनाक्रम की जांच करके एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। आरोप है कि सिपाही ने कुछ निर्माण कार्यों के लिए खनन सामग्री की डिमांड की थी।

Published on:
21 Mar 2026 08:09 am