
उत्तराखंड में हादसा, यात्रियों से भरी बस पलटी, PC- IANS
टिहरी : उत्तराखंड के टिहरी में ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बस पलटने से लगभग 8 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया है। उन्हें मामूली चोटें आईं। जानकारी सामने आई कि टिहरी के कौडियाला के पास हाईवे पर रविवार सुबह एक बस पलटी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि यह लोकल बस थी, जो ऋषिकेश की ओर जा रही थी। बस में कुल 39 लोग सवार थे। 8 लोग मामूली घायल हुए हैं, बाकी सभी सुरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजस्व, पुलिस, एसडीआरएफ समेत 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संभवतः ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ है।
इससे पहले, रुद्रप्रयाग में रविवार तड़के तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप केदारनाथ धाम की ओर जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी। कार में सवार पांच यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त कार (यूपी-16 डीके 0856) पश्चिम बंगाल से आए श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहा था। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत टीमों की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान प्रिंस सिंह, सभीमा सिंह, सुजोन मुखर्जी, ऋजा मुखर्जी और वाहन चालक प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इनमें दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Updated on:
07 Jun 2026 01:35 pm
Published on:
07 Jun 2026 01:35 pm
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
